
लाखों की लूट करने वाले आरोपी को पकड़ा, दो फरार
सादड़ी (पाली). गत दिनों सूरत के महेन्द्रपुरा थाना में आंगडि़या सर्विस एजेंट से २५ लाख रुपए लूटने के मामले में सूरत व सादड़ी पुलिस ने सादड़ी कस्बे में संयुक्त कार्रवाई की। बारली सादड़ी स्थित एक मोहल्ले में दोनों थानों की पुलिस ने दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया। उससे लूट की राशि के 20 लाख रुपए बरामद किए।
इस प्रकरण में दो आरोपी फरार है। गिरफ्तार आरोपी को लेकर सूरत पुलिस सूरत के लिए रवाना हो गई है। सादड़ी थाने के एएसआइ रणजीतसिंह उदावत व सूरत सिटी महेन्द्रपुरा थाने के एसआई जी.टी.गुप्ता ने बताया कि सूरत सिटी मोहब्बतनगर स्थित जय अम्बे आंगडिय़ा सर्विस एजेन्ट कालन्द्री सिरोही निवासी कालूराम उर्फ कैलाश पुत्र चैनाराम घांची, जो आंगडिया सर्विस का कलेक्शन लेकर बाइक पर जा रहा था। उसके पास 25लाख 60 हजार रुपए का कैश था। सूरत सिटी भागल सब्जी मण्डी के पास तीन युवकों ने उसे लूट लिया और भाग निकले। सूचना पर सूरत पुलिस ने नाकाबंदी करवाई।
सूरत सिटी में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले
पुलिस ने सूरत सिटी में लगे 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरा की मदद ली। इसके साथ ही 50 होटल खंगाले। इसके बाद शनिवार देर रात पुलिस सादड़ी पहुंची। यहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से उपबस्ती बारली सादड़ी क्षेत्र के एक मकान में दबिश दी। यहां से विंगरला हाल बारली सादड़ी निवासी फूलचन्द पुत्र जीवराम लौहार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 9 लाख 91 हजार व दूसरे साथी बारली सादड़ी निवासी हिम्मतराम पुत्र चैनाराम घांची के आवास से 10 लाख 40 हजार एक सौ रुपए बरामद किए। हिम्मतराम पुलिस की भनक लगने से भाग निकला। पुलिस ने 20 लाख 31 हजार 100 रुपए बरामद किए। आरोपी फूलचंद को लेकर पुलिस सूरत के लिए रवाना हो गई। ये दोनों आरोपी शनिवार को ही सादड़ी पहुंचे थे।
चोरी का राजफाश, गिरफ्तार
रायपुर मारवाड़. सेंदड़ा पुलिस ने फैक्ट्री में चोरी की वारदात का राजफाश करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। साथ ही एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया है। थानाप्रभारी सुरेश चौधरी ने बताया कि 14 जनवरी की रात चोरों ने सराधना के रीको एरिया में स्थित लोहे की फैक्ट्री से लोहे की 18 प्लेट्स सहित अन्य सामान चुरा लिया था। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक नितेश कुमार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में पुलिस ने एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया। उसे बाल सुधार गृह भेज दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी सराधना गांव में सुनील काठात पुत्र माधव काठात व ब्यावर के बाडि़या श्यामा निवासी ईश्वर सिंह उर्फ कालू सिंह पुत्र गणेश सिंह रावत को गिरफ्तार किया। सुनील के घर से चोरी का आधा माल बरामद किया। बाकी माल ईश्वर सिंह के घर से बरामद किया। आरोपियों से पूछताछ जारी है।
Published on:
21 Jan 2019 09:04 am
