
बापू नगर में अवैध धुलाई केन्द्र पकड़ा, भाजपा के पदाधिकारी का बताया जा रहा धुलाई केन्द्र
पाली. बापू नगर में अवैध रूप से चल रहे कपड़ों के धुलाई केन्द्रों पर जिला प्रशासन ने देर रात कार्रवाई की। एकाएक हुई कार्रवाई से आसपास के लोग भी सकते में आ गए। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में कपड़ा जब्त किया गया है। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात रहा। यह धुलाई केन्द्र भाजपा ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी का बताया जा रहा है। दरअसल, शहर में विभिन्न स्थानों पर कपड़ों के अवैध धुलाई केन्द्र की शिकायत मिली थी। बापू नगर में भी अवैध धुलाई केन्द्र के संचालन की शिकायत पर उपखण्ड अधिकारी रोहिताश्वसिंह तोमर की अगुवाई में जिला प्रशासन और पुलिस जाब्ते ने देर रात नहर बस स्टैंड के सामने कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान हौदियों में काफी मात्रा में कपड़ा धुलाई की लिए पड़ा था। यहां करीब पंद्रह हौदों में बड़ी मात्रा में कपड़ा जब्त किया गया है।
हौदे तोडऩे के लिए बुलाया बुलडोजर
अवैध धुलाई केन्द्र तोडऩे के लिए देर रात ही बुलडोजर बुलाए गए। ताकि, फिर से यहां कपड़ों की अवैध रूप से धुलाई नहीं हो सके। उपखण्ड अधिकारी तोमर ने बताया कि ऐसे धुलाई केन्द्रों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने अवैध धुलाई केन्द्र के मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही। इस मौके पर एसडीएम के साथ ही तहसीलदार केसर सिंह, पटवारी दिलीप, रीको कार्यालय से दीपक ओझा व नगर परिषद के कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान कोतवाली थाने से काफी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
बड़े पैमाने पर चल रहा था धुलाई का काम
कपड़ों की अवैध धुलाई का काम बड़े पैमाने पर चल रहा था।
15 हौदियों में भरा कपड़ा निकलने में जिला प्रशासन को देर रात
तक जुटना पड़ा। कार्मिकों व अन्य लोगों से कपड़े के थान हौदियों से निकाल कर बरामद किए गए।
कपड़े के थान ट्रैक्टर में भर कर बाहर भेजे गए।
Published on:
04 Feb 2019 01:30 am
