
युवक को बेहरमी से पीट-पीट कर मारने वाले आरोपी को मिली आजीवन कारावास की सजा
पाली। हत्या के एक मामले की सुनवाई करते हुए अपर सेशन न्यायाधीश पाली डॉ. रेनू श्रीवास्तव ने आरोपी को हत्या व मारपीट का दोषी मानते हुए आजीवन कारावास व 50 हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई। हत्या के पीछे जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश होना बताया गया।
लोक अभियोजक प्रतापराम चौहान ने बताया कि 23 फरवरी 2013 को परिवादी राजाराम ने गुड़ा एंदला थाने में रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि मवेशी शाम तक घर नहीं पहुंचे तो वह उन्हें ढूंढने अपने खेत की तरफ गया। रास्ते में बींजाराम के खेत के निकट उसके भाई वोराराम पुत्र पनाराम मीणा के साथ आरोपी वनाराम पुत्र वेलाराम मीणा लोहे के बड़े चिमटे से लगातार मारपीट कर रहा था। वह बचाने पहुंचा तो आरोपी उसके पीछे भी चिमटा लेकर भागा। वह जान बचाकर थाने पहुंचा ओर पुरी घटना बताई। पुलिस जब तक मौके पर पहुंची वोराराम की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने हत्या व मारपीट का मामला दर्जकर जांच शुरू की तथा अभियुक्त गुड़ा एंदला निवासी वनाराम पुत्र वेलाराम मीणा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। 12 दिसम्बर को मामले की सुनवाई करते हुए अपर सेशन न्यायाधीश डॉ. रेनू श्रीवास्तव ने गुड़ा एंदला निवासी अभियुक्त वनाराम पुत्र वेलाराम मीणा को हत्या व मारपीट का दोषी मानते हुए आजीवन कारावास व 50 हजार रुपए की अर्थदंड की सजा सुनाई।
बीएलओ की मोटरसाइकिल चोरी
पाली। बांगड़ स्कूल में बीएलओ ट्रेनिंग के लिए आए कर्मचारी की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। कोतवाली पुलिस के अनुसार मयंक नगर नया गांव निवासी यतेश चंद मेवाड़ा, जो एक स्कूल में अध्यापक है। वे चुनाव ड्यूटी में बीएलओ थे। गत दिनों वे बांगड़ स्कूल परिसर में ट्रेनिंग के लिए गए, जहां उनकी मोटरसाइकिल चोर ले गए। सूचना के बाद पुलिस ने नाकाबंदी भी करवाई थी, लेकिन पता नहीं चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
Published on:
13 Dec 2018 05:10 pm
