
‘शेरे राजस्थान’ की अंतिम यात्रा में जनसैलाब, आंखों में आंसू व गुलाल से सडक़ें हुई लाल
पाली। लोकमान्य राष्ट्र संत रूपमुनि के महाप्रयाण के बाद रविवार को जैतारण स्थित जैन स्थानक से रवाना हुई अंतिम यात्रा में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जैन संत सुकनमुनि व अमृतमुनि के सान्निध्य में संत रूपमुनि को अंतिम विदाई दी गई। यहां केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत, केन्द्रीय मंत्री पी.पी. चौधरी व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, जलदाय मंत्री सुरेन्द्र गोयल के साथ ही राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र की कई हस्तियों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
बंद रहे जैतारण, निमाज व आनंदपुर कालू के बाजार
संत रूपमुनि के देवलोकगमन के बाद रविवार को व्यापारियों व क्षेत्रवासियों द्वारा जैतारण, निमाज व आनंदपुर कालू के बाजार बंद रखे गए। इस दौरान बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
मुख्यमंत्री की ओर से गोयल ने चढ़ाया पुष्पचक्र
संत रूपमुनि के देवलोकगमन पर रविवार को राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से मंत्री व स्थानीय विधायक सुरेन्द्र गोयल ने पुष्पचक्र चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गोयल ने मुख्यमंत्री द्वारा भेजा गया संवेदना पत्र पढकऱ सुनाया।
बोलियों से बरसे आठ करोड़
जैन संत रूपमुनि के महाप्रयाण के बाद मुखाग्नि के लिए जैतारण के मुख्य बाजार स्थित स्थानक में भक्तों ने करोड़ों रुपए की बोलियां लगाई। जानकारों के अनुसार समाचार लिखे जाने तक करीब आठ करोड़ की बोलियां लगाई जा चुकी थी। इनमें प्रमुख रूप से मुखाग्नि के लिए 1.94 करोड़ रुपए की बोली एक भक्त ने लगाई। पार्थिव देह को कंधा देने के लिए भी लाखों रुपए की बोलियां लगाई गई। ये राशि जनहित कार्य व जीव दया के लिए खर्च की जाएगी।
जब तक सूरज चांद रहेगा, तब तक रूपमुनि का नाम रहेगा
अंतिम यात्रा के दौरान नारों से जैतारण गुंजायमान हो उठा। यहां जब तक सूरज-चांद रहेगा, तब तक रूपमुनि का नाम रहेगा... सरीखे नारे गूंजते रहे।
संत-साध्वियों की आंखों से फूटी रुलाई
लोकमान्य संत रूपमुनि को जैन स्थानक से अंतिम विदाई के दौरान भक्तगणों के साथ ही संत व साध्वियों की आंखों से रुलाई फूट पड़ी। उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे थे। इस दौरान उप प्रवत्र्तक सुकनमुनि, अमृत मुनि, महेश मुनि, नानेश मुनि, हरीश मुनि, वरुण मुनि, सचिन मुनि सहित अन्य मुनिवृंदों व साध्वियों की आंखों से अश्रु धारा बहती रही।
Published on:
19 Aug 2018 02:47 pm
