
दो माह पूर्व हुई कार लूट का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार
पाली/सोजत। दो माह पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंडावल नगर सरहद में एक कार लूटने के मामले में पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए पांच जनों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय ने रिमाण्ड पर भेज दिया।
सोजत थाना क्षेत्र के चंडावल पुलिस चौकी प्रभारी भल्लाराम ने बताया कि दो माह पूर्व मीरा बिहार कॉलोनी राजपुर चुंगी आगरा यूपी निवासी सतीशचंद पुत्र कालीचरण बगेल ने मामला दर्ज कराया था कि आईओसी के अधिकारी अवधेश कुमार मौर्य का तबादला यूपी से राजकोट हो गया। उसकी कार को चालक शामसावाद आगरा निवासी पीयूष पुत्र रामबाबू जोशी 4 जून को सुबह 9 बजे लेकर राजकोट छोडऩे जा रहा था। इस दौरान चंडावल के निकट तडक़े पांच बजे एक कार में सवार पांच जनों ने उसका पीछा किया और एक ढाबे पर कार रुकवाकर पिस्तोल से धमकाया और मारपीट कर कार, पर्स व मोबाइल लूटकर भाग गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस प्रकरण में पुलिस ने जोधपुर सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट सालवां खुर्द पीपाड़ शहर निवासी दयालसिंह राजपूत पुत्र मनोहरसिंह, बडसिया नागौर निवासी प्रभूसिंह राजपूत पुत्र सौभाग्यसिंह, सिवांची गेट जोधपुर निवासी बबलू उर्फ इशाक पुत्र अब्दुल सलाम, नासिर पुत्र मो. फारूख गिरफ्तार किया। जबकि अन्य आरोपी सिंवाची गेट जोधपुर निवासी अब्दुल मुसलमान पुत्र साबिर कुरैशी को उसके घर से गिरफ्तार किया। न्यायालय ने रविवार को सभी को रिमाण्ड पर भेज दिया।
जोधपुर से भी चुराई थी कार
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वारदात वाली रात वे जिस कार से घूम रहे थे, वह कार जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड से चुराई गई थी। जब वे घूम रहे थे तब पीयूष वहां से अकेले कार लेकर निकला तो उन्होंने लूट की साजिश रची। कार फिलहाल पीपाड़ दयाल सिंह के घर पर रखना बताया जा रहा है।
एटीएम से निकाले 24 हजार रुपए
सोजत। धीनवास निवास एक जने के बैंक खाते से 24 हजार रुपए निकाल लिए गए। यह राशि नोयड़ा स्थित एटीएम से निकाली गई। इस सम्बन्ध में पुलिस में रिपोर्ट दी गई है।
धीनावास निवासी पंचायत सहायक तरुण पुरी पुत्र सोहन पुरी ने बताया कि गत दिनों उसके बैंक खाते में से 23 हजार 900 रुपए नोयडा एटीएम से निकाले गए। इसका पता 25 जुलाई को मोबाइल पर मैसेज आने पर लगा। मैसेज में नोयड़ा एटीएम से बीस हजार चार सौ रुपए तथा 3500 रुपए अलग-अलग एटीएम से निकाले गए थे। इस पर उन्होंने बैंक शाखा में सम्पर्क कर एटीएम ब्लॉक करवाया।
Published on:
13 Aug 2018 12:11 pm
