
फोटो वीडियो का स्क्रीनशॉट
सेवाड़ी (पाली)। बाली थाना क्षेत्र के सेवाड़ी गांव में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस ने सूचना पर संदिग्ध एसयूवी का पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर पिस्टल तान दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से मोबाइल, पिस्टल, जिंदा कारतूस तथा वाहन में लगी फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद की हैं।
बाली थानाधिकारी परबत सिंह ने बताया कि सूचना पर बाली पुलिस ने संदिग्ध एसयूवी का पीछा किया। बाली थाने के पास बैरिकेडिंग नहीं थी, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए वाहन का पीछा जारी रखा और उसे सेवाड़ी की ओर घेराबंदी कर रोकने की रणनीति बनाई। सेवाड़ी गांव स्थित खेतलाजी चौक पर पुलिस ने नाकाबंदी की, जहां काफी भीड़ थी। पास ही एक गली में शादी समारोह था, जिससे आरोपियों की एसयूवी को आगे निकलने का रास्ता नहीं मिल पाया।
मौके पर बाली पुलिस थाने से जितेन्द्र डागर एवं सेवाड़ी चौकी के कांस्टेबल प्रवीण सिंह ने बदमाशों से सीधे टक्कर ली। पुलिस अधिकारियों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एसयूवी के शीशे लाठी-डंडों से तोड़ दिए और आरोपियों को काबू में करने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर पिस्टल तान दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान गंगासरा निवासी घमंडाराम जाट के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल, पिस्टल, जिंदा कारतूस तथा वाहन में लगी फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद की हैं। सूचना मिलते ही एएसआइ गणपत सिंह, बीजापुर चौकी प्रभारी एएसआइ रूपसिंह, सेवाड़ी चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह, एएसआई महेंद्र सिंह सहित पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस ने टीमें गठित की हैं और जगह-जगह दबिश दी जा रही है। आसपास इलाकों में पुलिस को सूचना देकर अलर्ट किया है।
Updated on:
13 Apr 2026 09:37 pm
Published on:
13 Apr 2026 09:37 pm
