
कलक्टर की दखल पर हरकत में आया विभाग, पहले दिन 70 तो दूसरे दिन 30 फीसदी नदारद मिले श्रमिक
रायपुर मारवाड़। पाली जिले में मनरेगा में चल रहे फर्जीवाड़े को लेकर मॉनिटरिंग में बरती जा रही अनदेखी के मामले में पंचायतराज विभाग हरकत में आया है। विभाग द्वारा कार्य स्थलों पर निरीक्षण कराया जा रहा है। लगातार दो दिन तक किए गए निरीक्षण में श्रमिकों की अनुपस्थिति ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। पहले दिन 70 फीसदी तो दूसरे दिन 30 फीसदी श्रमिक नदारद मिले। जिनकी मस्टररोल में अनुपस्थिति दर्ज की गई है। विभाग अनुपस्थिति को लेकर जांच करावा उचित कार्रवाई करने का दावा कर रहा है।
रायपुर में अनुपस्थित ज्यादा
जिला कलक्टर के दखल पर हरकत में आए पंचायतराज विभाग के अधिकारियों ने टीम गठित कर दो दिन तक निरीक्षण कराया। रायपुर ग्राम पंचायत की देखरेख में चल रहे कार्यों में से आठ कार्य स्थलों पर 70 फीसदी श्रमिक अनुपस्थित मिले। ये हालात स्वयं विकास अधिकारी धनदान दैथा ने देखे थे। अगले दिन दुबारा निरीक्षण कराया तो 30 फीसदी श्रमिक नदारद मिले। यही हालात क्षेत्र की अन्य ग्राम पंचायतों की देखरेख में चल रहे कार्य स्थलों पर सामने आए। कहीं पर 20 तो कहीं पर 30 फीसदी श्रमिक नदारद मिले।
छाया-पानी को लेकर दिए निर्देश
विकास अधिकारी दैथा ने सभी ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायत स्तर पर सभी कार्य स्थलों पर छाया पानी की माकूल व्यवस्था हो। इधर, चिकित्सा विभाग को भी निर्देश दिए कि वे सभी कार्य स्थलों पर मेडिकल किट उपल्बध कराएं। विकास अधिकारी ने सभी कार्य स्थलों पर छाया-पानी की व्यवस्था करने का दावा किया है।
पत्रिका ने उठाया मुद्दा
राजस्थान पत्रिका ने सिलसिलेवार समाचार प्रकाशित कर मनरेगा में चल रहे फर्जीवाड़े व मॉनिटरिंग में बरती जा रही कोताही के हालात उजागर किए। कलक्टर दिनेश जैन के दखल के बाद पंचायतराज महकमे के अधिकारी हरकत में आए और कार्य स्थल पर निरीक्षण शुरू कराया।
अनुपस्थिति दर्ज कर दी है
हमने दो दिन तक रायपुर सहित क्षेत्र के अन्य गांवों में टीम भेज मनरेगा कार्यों का निरीक्षण कराया। पहले दिन 70 व दूसरे दिन 30 फीसदी श्रमिक नदारद मिले। हमने नदारद श्रमिकों की अनुपस्थिति दर्ज करवा दी है। छाया-पानी की व्यवस्था को लेकर ग्राम विकास अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मेडिकल किट के लिए चिकित्सा विभाग को निर्देश दे दिए हैं। निरीक्षण कार्रवाई आगे भी जारी रखेंगे। -धनदान दैथा, विकास अधिकारी, रायपुर
Published on:
15 May 2019 04:39 pm
