
स्कूल में बच्चों की जगह बड़ों को पढ़ाया पाठ
पाली. विधानसभा आम चुनाव के तहत राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में शुक्रवार को मतदान दलों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें प्रशिक्षण प्रभारी एडीएम (सीलिंग) नाथूसिंह ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए बिना पक्षपात के दायित्व का निर्वहन करें। जिला प्रशिक्षक गजेन्द्र दवे, विजेन्द्रसिंह, राजेन्द्र त्रिवेदी, सर्वेसर निम्बार्क एवं प्रवीण जांगिड ने पीओ द्वितीय व तृतीय को विधानसभा चुनाव में मतदान कराने के लिए प्रायोगिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण में पीठासीन अधिकारी द्वितीय 77, तृतीय 398 तथा 17 रिजर्व कार्मिकों को इवीएम व वीवीपेट के बारे में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया के बारे में बताया गया। इस अवसर पर नायाब तहसीलदार रोहट देवेन्द्र लूणावाल, कमल त्रिवेदी, भगवान पुरी, मेघसिंह, भवानीसिंह, आदि मौजूद रहे।
एग्जिट पोल पर प्रतिबंध
पाली. भारत निर्वाचन आयोग की ओर से राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान तिथि 7 दिसंबर शाम 5.30 बजे तक एग्जिट पोल पर प्रतिबंध लगाया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि किसी भी तरह का एग्जिट पोल आयोजित करना, उसका परिणाम प्रकाशित करना एवं प्रचारित करना प्रतिबंधित है। मतदान समाप्ति के लिए नियत समय पर समाप्त होने के 48 घंटों के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में किसी भी ओपिनियन पोल या अन्य किसी मतदान सर्वेक्षण के परिणामों सहित किसी भी प्रकार के निर्वाचन संबंधी मामले के प्रदर्शन पर प्रतिबंध रहेगा।
मतदान दिवस को सार्वजनिक अवकाश
पाली. विधानसभा आम चुनाव के लिए लिए निर्धारित मतदान तिथि 7 दिसंबर को समस्त जिले में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर सुधीर कुमार शर्मा ने समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, उपखंड अधिकारियों, विकास अधिकारियों, तहसीलदारों एवं अन्य समस्त संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए है।
लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त
पाली. विधानसभा आम चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक के लिए लाइजनिंग अधिकारी नियुक्त किए गए है। जिला कलक्टर सुधीरकुमार शर्मा के अनुसार जैतारण बीडीओ गौरव बिश्नोई, सोजत ईओ भगवत सिंह परमार, पाली एसीटीओ महेंद्र सिंह, रानी बीडीओ रविंद्र आचार्य, देसूरी बीडीओ रानू इनकिया, सानिवि एइएन रमेश परिहार को लाइजनिंग अधिकारी बनाया गया है।
Published on:
16 Nov 2018 07:31 pm
