
पाली। विधानसभा आम चुनाव-2018 में मतदाताओं को जागरूक कर मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कार्यक्रम के तहत कई गतिविधियां करवाई जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि शत-प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने इस बार रोचक नारों का भी सहारा लिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बिजली के बिल पर ‘सारे काम छोड़ दो, सात दिसम्बर शुक्रवार को वोट दो’ संदेश का मुद्रण किया जा रहा है। इसी क्रम में गैस एजेन्सियों द्वारा अपने गैस सिलेण्डर पर भी ‘वोट डालने चलो रे साथी, लोकतंत्र के बनो बाराती’ का संदेश लिखवाया जा रहा है। इधर, मतदान दिवस 7 दिसम्बर 2018 का स्टीकर लगाकर लोगों में जागरूकता पैदा की जा रही है तथा उचित मुल्य की दुकानों पर ‘एक वोट आपका हक, आपका कर्तव्य’ व ‘मतदाता होने का मुझे गर्व है-मत देने मैं तैयार हूं’ बैनर भी लगाए जा रहे हैं।
एनएसएस ने मतदाताओं को जगाने चलाया हस्ताक्षर अभियान
पाली। राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर मतदाताओं को जागरूक किया। पहली बार मतदान करने वाले विद्यार्थियों को मताधिकार का उपयोग अवश्य करने की शपथ दिलाई गई। हस्ताक्षर अभियान में महाविद्यालय के व्याख्याताओं द्वारा भी हस्ताक्षर करवाकर शपथ ली गई है। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी विनोद शर्मा, महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. दिलीप कुमार नवलखा ने सर्वप्रथम हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीता अरोड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं द्वारा महाविद्यालय के प्रत्येक युवा मतदाता को इस अभियान में जोड़ा जा रहा है।
इधर, सेक्टर अधिकारियों को दिए निर्देश
पाली। विधानसभा आम चुनाव के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपखण्ड व रिटर्निंग अधिकारी महावीर सिंह राठौड़ ने पेंशनर भवन में सेक्टर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में राठौड़ ने कहा कि मतदान दिवस के दिन मतदान केन्द्र पर आने वाले मतदाताओं की दी जाने वाली सुविधाओं की रूपरेखा पहले से ही तैयार की जाए। उन्होंने मतदान केन्द्रों की स्थिति, बिजली व पर्याप्त रोशनी, पीने के पानी समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए। इस मौके पर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी केसर सिंह, सेक्टर अधिकारी देवाराम जानसन, अनुपम चतुर्वेदी, महेन्द्रसिंह राजपुरोहित व जसवन्तसिंह जैतावत समेत कई कार्मिक मौजूद थे।
Updated on:
31 Oct 2018 02:08 pm
Published on:
31 Oct 2018 02:06 pm
