
सेनेटरी नैपकिन मांगने के संकोच से ‘शक्ति’ को अब मिलेगी मुक्ति
ओम टेलर
पाली. महिलाओं को मासिक धर्म (माहवारी) में सेनेटरी नेपकिन दुकानदार से मांगने और फिर उसे छुपाकर घर तक ले जाने के संकोच भरे जीवन से जल्द ही राहत मिलेगी। राज्य के सभी निकाय क्षेत्रों में सरकार की ओर से ५४० वातानुकूलित सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण करवाया जा रहा है। जिनमें ९६ शौचालय सिर्फ महिलाओं के लिए होंगे। इन सभी शौचालयों में ऑटोमेटिक सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीनें लगेगी। जहां से महिलाएं कॉइन डालकर आसानी से सेनेटरी पैड ले सकेगी। फरवरी २०१८ में आई अक्षय कुमार की फिल्म पैडमैन काफी चर्चा में रही। फिल्म तमिलनाडु में रहने वाले अरूणाचलम मुरुगनाथम की जिदंगी से प्रेरित है, जिसने महिलाओं को सस्ते सेनेटरी पैड उपलब्ध करवाने के लिए प्रेरणादायक काम किया। फिल्म में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर मुद्दा उठाया गया। इसमें बताया कि माहवारी के दौरान देश की अधिकतर महिलाएं सेनेटरी नैपकिन की जगह पुराने कपड़े आदि का उपयोग करती हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए अनुकूल नहीं है। इससे उन्हें संक्रमण भी हो सकता है। फिल्म आने के बाद देश भर में सेनेटरी नैपकिन को लेकर चर्चा हुई। धीरे-धीरे महिलाएं इस विषय को लेकर जागरूक होने लगी। उसी का नतीजा है सरकार ने राज्य भर में महिलाओं के लिए ऑटोमेटिक सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाने का निर्णय किया है।
जिले में बनेंगे 21 सार्वजनिक शौचालय
योजना के तहत राज्य की सात नगर निगम में ७० (प्रत्येक में १०) सावर्जनिक शौचालयों का निर्माण हो गया। इसी तरह राज्य की ३४ नगर परिषदों में १७० (प्रत्येक नगर पालिका में ५) व १५० नगर पालिकाओं में ३०० सार्वजनिक शौचालयों (प्रत्येक में २) का निर्माण होगा। राज्य भर में ५४० सावर्जनिक शौचालयों का निर्माण प्रस्तावित है। इस पर सरकार २०५ करोड़ रुपए की राशि खर्च करेगी। पाली जिले की आठ नगर पालिकाओं (सोजत,जैतारण,फालना, सादड़ी, रानी, बाली, सुमेरपुर व तखतगढ़) में १६ व पाली नगर परिषद क्षेत्र में पांच सार्वजनिक शौचालय का निर्माण होगा। सभी में ऑटोमेटिक सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगी होगी। सभी शौचालय परिसर वातानुकूलित होंगे।
महिलाओं के लिए उपयोगी साबित होगा
राज्य सरकार की योजना के तहत एक सामुदायिक शौचालय के निर्माण के लिए रविवार को शिलान्यास किया गया। इन सामुदायिक शौचालयों में ऑटोमेटिक सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन लगाई जाएगी। जहां दस रुपए में महिलाएं तीन सेनेटरी नेपकिग का सेट ले सकेगी।
महेन्द्र बोहरा, सभापति नगर परिषद, पाली
Published on:
16 Jul 2018 11:20 am
