
हाइवे पर फिर सजा जिस्म का कारोबार
पाली । सेंदड़ा से सुमेरपुर जाने वाले फोरलेन पर एक बार फिर पुलिस की सुस्ती से जिस्म का कारोबार शुरू हो गया है। जिस्मफरोशी का यह धंधा करने वाले ठिकाने खोलकर ट्रक चालकों व आस-पास के गांवों की युवा पीढ़ी को इसमें फंसा रहे हैं। पुलिस की कोई रोक-टोक नहीं है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी की, लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही है।
यहां चल रहे हैं ठिकाने, पुलिस चुप
हाइवे पर चंडावल पुलिस चौकी के पीछे निकलने वाले राजमार्ग पर ढाबे पर यह कारोबार चल रहा है। इसी प्रकार ट्रांसपोर्ट नगर पुलिया के आगे, गुंदोज रोड पर तोगावास के निकट, गुंदोज पुलिया से के पास यह अवैध कारोबार चल रहा हैं। पत्रिका ने पड़ताल की तो सामने आया कि गुपचुप तरीके से पुलिस की मिलीभगत से यह कारोबार शुरू हो गया है। पहले भी यहीं ठिकाने चल रहे थे। उस समय राजस्थान पत्रिका ने समाचार अभियान चलाकर मामला उजागर किया तो पुलिस की सख्ती हुई और यह बंद हो गए थे। इससे ग्रामीणों को काफी राहत भी मिली थी। लेकिन अब फिर से यह कारोबार शुरू हो गया है। यह कारोबार 24 घंटे चलता है। पुलिस कई बार इनके सामने से गश्त के लिए निकलती है, लेकिन कार्रवाई नहीं करती।
मानवाधिकार आयोग ले चुका है प्रसंज्ञान
राजस्थान पत्रिका ने जब यह मामला उजागर किया था तब राज्य मानवाधिकार आयोग ने प्रसंज्ञान लेते हुए जिला पुलिस से जवाब मांगा था। उस समय यह कारोबार बंद हो गया। धीरे-धीरे जब पुलिस की सख्ती कमजोर हुई तो यह धंधा फिर से चालू हो गया। यहां पांच सौ रुपए में जिस्म का कारोबार चल रहा है।
डीएसपी स्तर के अधिकारी करते हैं कार्रवाई
जिस्म फरोशी के कारोबार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई उप अधीक्षक स्तर का अधिकारी करता है। यह कार्रवाई पीटा एक्ट के तहत होती है। पिछले लम्बे समय से ऐसी कार्रवाई जिले में नहीं हुई है। जबकि कई बार पुलिस के पास ऐसी शिकायतें पहुंचती है।
करेंगे कार्रवाई
हां इस तरह की खबरें मिली है कि राजमार्ग पर जिस्मफरोशी का कारोबार चल रहा है। इनके खिलाफ शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।
राहुल प्रकाश, पुलिस अधीक्षक, पाली
Published on:
23 Aug 2018 12:34 pm
