
अपने ही गांव के व्यापारी को लूटने की बनाई योजना, दो गिरफ्तार
सोजत (पाली) ढाई माह पूर्व बगड़ी थाना क्षेत्र के बेरा धोलापाल कंटालिया गांव में व्यापारियों की आंखों में मिर्ची डालकर व चाकू से वार कर दो लाख रुपए लूटने की वारदात का पुलिस ने शुक्रवार को राजफाश कर दिया। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जबकि कंटालिया गांव का एक युवक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
थानाधिकारी प्रेमराम विश्नोई बताया कि गत २८ मई रात में कंटालिया निवासी किराणा दुकान मालिक धनपतराज सीरवी दुकान बंद कर अपने बेरे धोलापाल कच्चे मार्ग से जा रहा था। उसके साथ चुतराराम सीरवी व एक आठ वर्षीय बालक भी मोटरसाइकिल पर था। रात में रास्ते में तीन युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवा दी और आंखों में मिर्ची डालकर दो लाख रुपए लूट लिए। विरोध करने पर उन पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में भोजपुर बदनोर भीलवाड़ा निवासी हनुमानसिंह (२४) पुत्र अमरसिंह राजपूत व ठिकरवास खुर्द देवगढ़ निवासी गणपतसिंह उर्फ सुरेश (३२) पुत्र कुंदनसिंह रावत को गिरफ्तार किया है। जबकि कंटालिया का एक युवक फरार है। पुलिस का कहना है कि आरोपी हनुमान व गणपत को वारदात के लिए कंटालिया का युवक बुलाता था। गणपत के खिलाफ राजसमंद में चोरी का मामला दर्ज है।
स्मैक से हो रही वारदातें
बगड़ी नगर, सोजत रोड, सोजत सिटी, शिवपुरा क्षेत्र में स्मैक का चलन बढ़ रहा है। युवा पीढ़ी स्मैक के लिए लूट की वारदातें करते हैं। गत दिनों इन व्यापारियों पर हमले के बाद व्यापारियों ने प्रदर्शन भी किया था। आमजन ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में स्मैक गिरोह को पकडऩे की मांग की है।
पाली जाने को कार में लिफ्ट ली, एटीएम से १७ हजार निकलवाकर छोड़ा
जोधपुर. झालामण्ड चौराहे से पाली जाने के लिए कार में लिफ्ट लेना एक व्यक्ति के लिए उस समय भारी पड़ गया जब चालक व दो साथी उसे डांगियावास बाइपास ले गए और एटीएम व पासवर्ड लेकर खाते से १७ हजार रुपए निकाल लिए। बाद में उसे सूनसान जगह पर छोड़ दिया गया। वारदात के दो दिन बाद गुरुवार रात कुड़ी भगतासनी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उप निरीक्षक कपूराराम के अनुसार पाली में पुराना हाउसिंग बोर्ड में सेक्टर १ घ निवासी किशोर कुमार उर्फ हरीश पुत्र किशनचंद सिंधी गत ७ अगस्त की अपराह्न झालामण्ड चौराहे के पास खड़ा था। वह पाली जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। इतने में वहां एक कार आई, जिसमें चालक के अलावा दो अन्य व्यक्ति सवार थे। किशोर ने इशारा करके कार रुकवाई और पाली जाने के बारे में पूछा। उसके लिफ्ट मांगने पर कार में सवार युवकों ने उसे बिठा लिया। रास्ते में तीनों व्यक्ति उससे पाली जाने वाले मार्ग के बारे में पूछने लगे। फिर चालक ने कार गुड़ा विश्नोइयान रोड की तरफ मोड़ ली। रास्ते में युवकों ने उसे डराया-धमकाया और एटीएम कार्ड व पासवर्ड ले लिए। आरोप है कि तीनों ने एक एटीएम से उसके कार्ड का उपयोग करके खाते से सत्रह हजार रुपए निकाल लिए। फिर उसे डांगियावास की तरफ सूनसान जगह पर ले जाकर छोड़ दिया।
Published on:
11 Aug 2018 11:35 am
