
पाली : एसपी ने करवाई गोपनीय जांच, अवैध गतिविधियों में लिप्त मिले दो सिपाही निलम्बित
पाली। अवैध गतिविधियों में लिप्त रायपुर मारवाड़ थाने के दो कांस्टेबल को पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने निलम्बित कर दिया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने के आदेश भी जारी किए गए है। वहीं शिकायतों के चलते दो हैड कांस्टेबल व एक कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शर्मा के अनुसार रायपुर मारवाड़ थाने के कांस्टेबल सुनील जाट व विकास जाट के खिलाफ अवैध गतिविधियों व अवैध धंधों में लिप्त होने की शिकायतें एसपी को मिली। इस पर इसकी गोपनीय जांच करवाई गई। जांच में यह सच सामने आया। इस पर एसपी ने कांस्टेबल सुनील व विकास को निलम्बित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए है। उल्लेखनीय है कि इन दोनों कांस्टेबल के खिलाफ बजरी खनन सहित अन्य गतिविधियों में लिप्त होने की लम्बे समय से शिकायतें एसपी को मिल रही थी।
काम में शिकायतें, तीन लाइन हाजिर
एसपी शर्मा के अनुसार सुमेरपुर थाने के हैड कांस्टेबल गणपत सिंह, तखतगढ़ थाने के हैड कांस्टेबल जगदीश व रानी थाने के सोमेसर चौकी के कांस्टेबल प्रकाश के खिलाफ काम को लेकर शिकायतें मिल रही थी। इस पर तीनों को लाइन हाजिर किया गया है। इनके खिलाफ भी जांच जारी है।
Updated on:
18 Feb 2020 09:40 pm
Published on:
18 Feb 2020 09:40 pm
