
महेश चन्देल
गुड़ा भोपा (धनला)। भगोड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र के गुड़ा भोपा के 486 महिला-पुरुष मतदाताओं को इस बार बूथ क्रॉस कर 15 किलोमीटर दूर मतदान के लिए नहीं जाना पड़ेगा। वर्षों बाद नजदीकी बूथ पर मतदान करेंगे। इसको लेकर 7 दिसम्बर 2018 को प्रस्तावित मतदान को लेकर यहां के मतदाताओं में विशेष उत्साह की लहर है।
गुड़ा भोपा के मतदाता विधानसभा चुनाव के दौरान कई वर्षो से कारवाड़ा और गुड़ा भोपत में दो भागों में विभाजित होकर 15 किलोमीटर दूर बूथ संख्या 190 व 191 पर मतदान करते थे। इस दूरी के मध्य गुड़ा भोपा से 5 किलोमीटर गुड़ा चतरा में बूथ सं.189 मतदान केंद्र स्थित है। जिसे क्रॉस कर इन मतदाताओं को जाना पड़ता था, लेकिन इस बार सरपंच रतनसिंह रावत, बीएलओ गुड़ा चतरा हजारीसिंह की पहल से मारवाड़ जंक्शन से स्थानांतरण होकर गए उपखण्ड अधिकारी गौमती शर्मा द्वारा सार्थक प्रयास कर इन सभी मतदाताओं को नजदीकी बूथ से जोडकऱ समस्या से निजात दिलाई थी।
मतदान को लेकर उत्सुकता गुड़ा भोपा के मतदाताओं को पहले मतदान के लिए बूथ पर जाने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। मगरा क्षेत्र होने की वजह से आवागमन के साधनों की समस्या से कई मतदाता पैदल चलकर मतदान केंद्र पहुंचते थे तथा वापस पैदल ही आते थे। इससे देर रात तक घर पहुंचते थे। कई मर्तबा गाडिय़ों में मतदान केंद्र ले जाते थे लेकिन पुन: घर नहीं छोड़े जाने से पैदल आना पड़ता था। ऐसे में कई महिला व पुरुष मतदाता मतदान करने से वंचित रह जाते थे। इस बार गुड़ा भोपा के 486 मतदाताओं में 7 दिसम्बर को होने वाले मतदान को लेकर उत्साह है। इससे मतदान प्रतिशत में भी इजाफा होगा।
परेशानी होती थी
जब से वोट देने लगे तब से हम लोग धवल्ड़ी कारवाड़ा जाते थे। जो 15 किलोमीटर की दूरी है। कई बार तो पैदल आते-आते रात हो जाती थी, लेकिन इस बार हम लोग मतदान को लेकर उत्सुक हैं। -भीमसिंह, मतदाता, गुड़ा भोपा
करवाया समाधान
गुड़ा भोपा से कारवाड़ा व गुड़ा भोपत की दूरी 15 किलोमीटर से भी अधिक होने से मतदान केंद्र तक जाने में परेशानी होती थी। मगरा क्षेत्र होने की वजह से यातायात भी सुलभ नहीं होता है। ऐसे में यह दूरी पैदल ही तय करनी पड़ती थी। इस बार गुड़ा भोपा के मतदाता नजदीकी बूथ गुड़ा चतरा जाकर मतदान करेंगे। -हजारीसिंह रावत, बीएलओ, गुड़ाचतरा