
– चोरी की मोटरसाइकिल पर आए थे, मोटरसाइकिल बरामद
– चोरों की तलाश जारी, सवराड़ गांव में चोरी की वारदात
पाली/मांडा। जिले के सोजत रोड थाना क्षेत्र के सवराड़ गांव में चोरी की मोटरसाइकिल पर आए तीन चोरों ने एक ज्वेलरी व फैंसी स्टोर का ताला तोडकऱ सामान व एक किलो चांदी चुरा ले गए। इस बीच ग्रामीणों व पुलिस को भनक लग गई। पुलिस को आते देख चोर मोटरसाइकिल व चोरी का सामान सडक़ पर छोडकऱ भाग गए। पुलिस ने चांदी, चोरी का सामान व मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। चोरों की तलाश जारी है।
सोजत रोड थाना पुलिस के अनुसार मंगलवार रात को दो बजे चोरों ने सवराड़ बस स्टैण्ड स्थित सुरेश पुत्र थानाराम सीरवी की ज्वेलरी दुकान का ताला तोडकऱ एक किलो चांदी के जेवरात, पास के वेनाराम माली की फैंसी स्टोर से सामान व नकदी चुरा ली। इस बीच रात में एक कृषि कुएं से लौट रहे ग्रामीण लक्ष्मण ने चोरों को देख लिया। उसने सवराड़ सरपंच कैलाश सांवलोत को सूचना दी, सरपंच ने पुलिस को सूचित किया। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई।
पुलिस नाकाबंदी देखकर चोर चोर रास्ते में ही मोटरसाइकिल, चोरी का सामान छोडकऱ भाग गए। सोजत रोड थानाधिकारी सुरेन्द्र दुगस्तावा ने बताया कि यह मोटरसाइकिल बगड़ी क्षेत्र से चुराई हुई थी, बगड़ी में एक दुकान में चोरी हुई थी, इस घटना में भी यहीं गैंग हो सकती है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।