
पाली। सदर थाना क्षेत्र के मठ टोल नाके पर जल्दबाजी के फेर में एक मोटरसाइकिल खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में दो जनों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थानाधिकारी सुरेश चौधरी के अनुसार सोजत रोड के सिनला गांव निवासी रामलाल व लुम्बाराम पुत्र जेफाराम सीरवी, जो दोनों भाई है। वे मोटरसाइकिल पर सुबह किसी काम से पाली आए। दोपहर एक बजे वे वापस मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहे थे। मठ के निकट टोल नाके पर पहले घुसने की जल्दबाजी में उन्होंने मोटरसाइकिल तेज कर दी। इस दौरान बीच में टोल लाइन में एक ट्रक चालक ने ट्रक घुसा दी और बंद कर दी। मोटरसाइकिल पीछे से ट्रक में जा घुसी। हादसे में दोनों भाई गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल लाते समय रास्ते में रामलाल का दम टूट गया और अस्पताल में उपचार के दौरान लुम्बाराम की भी मौत हो गई। शाम को इत्तला पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का बुरा हाल
रामलाल व लुम्बाराम की आयु करीब पचास वर्ष के आस-पास थी। दोनों भाई घरेलू काम के लिए पाली आए। सुबह जब वे घर से निकले तो परिजनों को कहकर गए कि वे शाम को घर आ जाएंगे, लेकिन हादसे के जब परिजनों को समाचार मिला तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।