
पाली। शहर के पुराना हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में मंगलवार सुबह प्रभात फेरी में जाते एक युवक को पास से गुजरती पानी के केन से भरी पिकअप ने चपेट में ले लिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पहुंचे पुलिस कर्मियों ने शव को उठाकर बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इस दौरान लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह हाउसिंग बोर्ड निवासी रामनिवास पुत्र मांगीलाल अग्रवाल (68) जो प्रभात फेरी में जा रहे थे। एक शॉप के बाहर खड़े होने के दौरान पानी के केन से भरी एक पिकअप ने चपेट में ले लिया। हादसे के बाद रामनिवास की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप चालक हाउसिंग बोर्ड चौकी में गया ओर घटना की जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।