
Awaiting voters
पन्ना। कलेक्टर मनोज खत्री के निर्देशन में जिलेभर में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। लोकतंत्र के रंग, रंगमंच के संग थीम पर मनाए जा रहे इस सप्ताह के तहत नुक्कड़ नाटक, गरबा, कार्टून एवं कैरीकैचर प्रतियोगिता आयोजित कर मतदाताओं में जागरुकता फैलाई जा रही है।
इसी कड़ी में गुनौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम द्वारी में लोक गायन द्वारा मतदाताओं को जागरूक किया गया। इसके साथ ही बालिकाओं द्वारा पोस्टर बनाकर एवं महिलाओं द्वारा मेहंदी और रंगोली के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया। इसके बाद मतदाता जागरुकता रैली निकाली गई।
कलेक्टर मनोज खत्री की अध्यक्षता में मतदान के लिए नियुक्त रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग आफिसर एवं नोडल अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य को सभी लोग गंभीरता के साथ करें जिससे कही कोई त्रुटि होने की संभावना नहीं रहे। सभी रिटर्निंग आफिसर एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर अपने-अपने क्षेत्र के दलों को अभी से सक्रिय रखें। उनके द्वारा की जा रही कार्रवाई का प्रतिवेदन प्राप्त करें।
बैठक में कंट्रोल टेबिल, मतदाता सूची तथा प्रकाशित मतदान केन्द्रों की सूची पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए, प्रत्येक मतदान केन्द्र में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं। जिसमें मतदान केन्द्र की साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, रैम्प आदि की होना आवश्यक है। इसी प्रकार वाहनों के अधिग्रहण की कार्यवाही जल्द से जल्द करें। जिन अधिकारियों के लिए निर्वाचन कार्य के लिए वाहन की आवश्यकता है उन्हें वाहन उपलब्ध कराए जाएं। वाहनों की लॉकबुक प्रतिदिन भरी जाए। चयनित सभा स्थलों एवं हेलीपैड के लिए चयनित स्थान की सुरक्षा, जांच कर ली जाए।
इवीएम मशीनों का रेंडमाइजेशन 23 से
पोस्टल बैलेट के संबंध में कार्रवाई प्रारंभ कर जल्द से जल्द पूर्ण कर लें। 25 से 27 अक्टूबर तक चलने वाले पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी क्रमांक 1 के प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी दी।
सुविधा एप पर प्राप्त आवेदनों का निराकरण समय पर करें। स्वीप गतिविधियों के प्रचार-प्रसार की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक प्रचार करें जिससे मतदान का प्रतिशत ठीक रहे। इवीएम का रेंडमाइजेशन 23 अक्टूबर से किया जाएगा।
ब्रेल लिपि का प्रशिक्षण कल
कलेक्टर ने कहा कि दृष्टिबाधित मतदाताओं को ब्रेल लिपि मतदाता पर्ची उपलब्ध कराने एवं अन्य इसी तरह के कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए ब्रेल लिपि का प्रशिक्षण दिलाया जाना है।
यह प्रशिक्षण 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए 20 कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।
मतदान अधिकारी का प्रशिक्षण 25 से
कलेक्टर के अनुसार नियुक्त पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी क्रमांक1 का प्रशिक्षण 25, 26 एवं 27 अक्टूबर कोहोगा। प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रशिक्षणार्थी अपने साथ 2 रंगीन पासपोर्ट साइज के फोटो एवं इपिक कार्ड की छायाप्रति प्रशिक्षण केन्द्र में मास्टर ट्रेनर्स के पास जमा कराएंगे।
मतदान के पूर्व होगा मॉक पोल
मतदान के पूर्व प्रत्येक मतदान केन्द्र में इवीएम मशीन से मॉक पोल किया जाएगा। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेबल एजेंट की उपस्थिति अनिवार्य है। अत: सभी दल अपने-अपने एजेंट को समय से पूर्व से मतदान केन्द्र पर पहुंचाएं। जिससे समय पर मॉक पोल की प्रक्रिया पूर्ण कर मतदान प्रारंभ कराया जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि सभी राजनीतिक दल तथा अभ्यर्थी प्रचार-प्रसार के दौरान आदर्श आचार संहिता का अक्षरश: पालन करें। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सुविधा एप लाया गया है जिसके माध्यम से प्रचार-प्रसार संबंधी सभी तरह की अनुमतियां ऑनलाइन ली जा सकेंगी।
Published on:
21 Oct 2018 01:36 am
