
Two miscreants arrested: पुलिस ने दबोचा अंतर्राज्यीय गिरोह (Photo Source - AI)
Panna news: एमपी के पन्ना में बैंक से बड़ी रकम निकालने वाले लोगों की रैकी कर उनकी मोटरसाइकिल की डिग्गी या बैग से नगदी चोरी करने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों ने पन्ना, पवई, रीवा और दमोह सहित कई जिलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपए नगद और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
मोहनपुरवा निवासी रामसिपाही पटेल ने 19 मई 2026 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मेन ब्रांच, पन्ना से अपने खाते से 2 लाख 24 हजार निकाले थे। उन्होंने रकम को रूमाल में लपेटकर अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखा और कटरा मोहल्ला स्थित सेंट्रल बैंक के सामने वाहन खड़ा कर बैंक संबंधी कार्य से अंदर चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर डिग्गी खुली मिली और उसमें रखी पूरी नगदी गायब थी। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक, बाजार, मुख्य मार्गों और आसपास लगे 500 से अधिक सीसीटीवी फोटो एवं वीडियो फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की पहचान कर उनकी जानकारी विभिन्न जिलों की पुलिस इकाइयों से साझा की गई। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की मदद और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस ने शहडोल जिले के ब्यौहारी में दबिश देकर जित्तू सिंह कंजर उर्फ जीतेन्द्र (40 ) तथा लिदहा उर्फ अरुण सिंह कंजर (35 ) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मूल रूप से सीधी जिले के निवासी हैं और वर्तमान में ब्यौहारी में रह रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ बैंक परिसरों में घंटों रैकी करते थे। जो व्यक्ति बैंक से बड़ी राशि निकालता था, उसका पीछा किया जाता और मौका मिलते ही वाहन की डिग्गी या बैग से नगदी चोरी कर फरार हो जाते थे। आरोपियों ने पन्ना जिले के कोतवाली एवं पवई थाना क्षेत्र के अलावा दमोह जिले के हटा तथा रीवा जिले के वैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की बैग लिफ्टिंग और नगदी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
पुलिस अब गिरोह के फरार दो सदस्यों की तलाश कर रही है तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी संबंधित जिलों से जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार नगद, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली रोहित मिश्रा, मनीष कश्यप, जितेन्द्र मिश्रा, अभिषेक यादव, निश्चल सिंह, रामगोपाल शुक्ला मौजूद रहे। पुलिस का मानना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।
Updated on:
30 Jul 2026 04:37 pm
Published on:
30 Jul 2026 04:37 pm
बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
