
CO ने उठाई कुर्सी (वायरल वीडियो स्क्रीन ग्रैब)
Bagaha CO viral video: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा में एक सरकारी शिविर के दौरान अंचल अधिकारी (CO) और एक युवक के बीच तीखी बहस हो गई। यह बहस देखते ही देखते इस कदर बढ़ गई कि साहब अपनी मर्यादा भूल गए और सामने रखी कुर्सी उठाकर युवक को मारने के लिए दौड़ पड़े। इस पूरे हाइवोल्टेज ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देख लोग हैरान हैं। यह घटना आम जनता और कई पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुई। गनीमत रही कि मौके पर तैनात जवानों ने समय रहते साहब को पकड़ लिया, वरना कोई बड़ा और लहूलुहान करने वाला हादसा हो सकता था।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला बगहा के मधुबनी अंचल क्षेत्र के मुशहरी गांव का है। यहां सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए एक सहयोग शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण अपनी फरियाद लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां एक यूट्यूबर पहुंचा और शिविर का वीडियो बनाने लगा। इसी वीडियो बनाने और सवाल पूछने को लेकर मधुबनी के अंचल अधिकारी (CO) नंदलाल राम अचानक उखड़ गए। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई जो कुछ ही सेकंड में हिंसक रूप लेने लगी।
पीड़ित युवक का आरोप है कि जब उसने जनहित से जुड़ा एक सीधा सवाल पूछा, तो सीओ साहब भड़क गए और उनके लिए अपशब्दों व गालियों का इस्तेमाल करने लगे। युवक के मुताबिक, अधिकारी ने उससे कहा, 'तुम्हारे जैसे पत्रकारों से मैं डरता नहीं हूं। तुम मेरे खिलाफ अक्सर अपने चैनल पर खबरें चलाते हो, हम तुम्हें देख लेंगे।' इतना कहने के बाद भी CO साहब का गुस्सा शांत नहीं हुआ, वे अचानक अपनी जगह से खड़े हुए और युवक को मारने के लिए कुर्सी उठा ली।
सीओ साहब को हाथ में कुर्सी देख आम नागरिकों और फरियादियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लेकिन, कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई। जवानों ने बीच में आकर सीओ साहब और युवक को एक दूसरे से दूर किया। पुलिस की सजगता के कारण दोनों के बीच सीधी मारपीट तो रुक गई, लेकिन अंचल अधिकारी का यह पूरा मामला कैमरे में कैद हो गया।
Published on:
03 Jun 2026 02:53 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
