
पवन सिंह, प्रशांत किशोर और मनोज तिवारी
Bankipur By Election: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज (शुक्रवार) अपने स्टार प्रचारकों को चुनावी मैदान में उतार दिया है। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से छह दिन पहले बीजेपी ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। पटना में NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। इसी बीच बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में भोजपुरी फिल्म अभिनेता और एमएलसी पवन सिंह तथा सांसद मनोज तिवारी चुनाव प्रचार करेंगे और विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर दिनभर चाय बैठक और मोहल्ला बैठकों के जरिए मतदाताओं से संवाद कर अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। उधर, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव शहर से बाहर होने के कारण चुनाव प्रचार में शामिल नहीं हो पाएंगे। ऐसे में आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता फिलहाल अपने दम पर चुनावी मोर्चा संभाले हुए हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, बांकीपुर का यह उपचुनाव अब सिर्फ एक विधानसभा सीट की लड़ाई नहीं रह गया है, बल्कि यह भारतीय जनता पार्टी और प्रशांत किशोर, दोनों के लिए प्रतिष्ठा का मुकाबला बन चुका है।
30 जुलाई को होने वाले मतदान को लेकर बीजेपी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को पार्टी के स्टार प्रचारक पवन सिंह और मनोज तिवारी कुल पांच चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इनमें पवन सिंह तीन, जबकि मनोज तिवारी दो जनसभाएं करेंगे। बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा इन सभी सभाओं में मौजूद रहेंगे।
बीजेपी अपने स्टार प्रचारकों के जरिए चुनावी माहौल बनाने में जुटी है। दूसरी ओर, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार चाय बैठक, मोहल्ला बैठक और छोटे-छोटे जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। इसी वजह से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव प्रदेश की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में शामिल हो गया है। खास बात यह है कि बांकीपुर विधानसभा चुनाव के इतिहास में पहली बार फिल्मी सितारे चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतर रहे हैं, जिससे चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ रही है। शहरी मध्यम वर्ग, व्यापारी, पेशेवर और शिक्षित मतदाताओं के मजबूत समर्थन के दम पर बीजेपी इस सीट पर करीब चार दशक से लगातार जीत दर्ज करती आ रही है। हालांकि, इस बार जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला काफी रोचक हो गया है। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के उम्मीदवार के भी मैदान में होने से चुनाव त्रिकोणीय हो गया है, जिससे बांकीपुर का मुकाबला पहले की तुलना में कहीं अधिक दिलचस्प और प्रतिष्ठापूर्ण माना जा रहा है।
Updated on:
24 Jul 2026 03:02 pm
Published on:
24 Jul 2026 02:02 pm
