21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किताब मांगने आई थी सहेली और फिर सब गायब, भागलपुर में एक ही मोहल्ले की 5 बच्चियां एक साथ लापता

Bhagalpur Missing Girl Case: बिहार के भागलपुर जिले में एक साथ 5 नाबालिग बच्चियां एक साथ लापता हो गई हैं। सभी बच्चियां छठी क्लास की छात्राएं हैं, आपस में सहेलियां और पड़ोसी हैं। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

May 21, 2026

bhagalpur missing girl case

लापता हुई बच्चियां

Bhagalpur missing girls case: बिहार के भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के लालूचक वार्ड-1 इलाके से एक ही मोहल्ले की रहने वाली पांच नाबालिग बच्चियां रहस्यमयी परिस्थितियों में एक साथ लापता हो गई हैं। गायब हुई सभी बच्चियों की उम्र करीब 10 से 14 साल के बीच बताई जा रही है। ये सभी आपस में पड़ोसी होने के साथ-साथ एक ही स्कूल की छठी क्लास की छात्राएं और सहेलियां हैं। एक साथ पांच मासूमों के गायब होने से जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

किताब मांगने आई थी सहेली, फिर अचानक सब हो गईं गायब

इस गुमशुदगी के पीछे की कहानी काफी उलझी हुई नजर आ रही है। लापता बच्ची तेजस्वी की मां रीना देवी ने बताया कि उनकी बेटी घर में आराम से सोई हुई थी। इसी बीच उसके ही मोहल्ले में रहने वाली उसकी एक सहेली घर पर आई और पढ़ाई के सिलसिले में कोई किताब मांगने लगी। रीना देवी इसके बाद वापस सो गईं, लेकिन जब बाद में परिवार की आंख खुली तो न सिर्फ तेजस्वी बल्कि किताब मांगने आई वह सहेली और मोहल्ले की तीन अन्य बच्चियां भी गायब थीं। लापता बच्चियों की पहचान श्वेता कुमारी, पल्लवी कुमारी, सोनम कुमारी, गंगा कुमारी और तेजस्वी कुमारी के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप-गुहार लगाने पहुंचे तो रात में पुलिस ने थाने से भगाया

घटना के बाद जब परिवार के लोगों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों और आस-पास के इलाकों में बच्चियों की काफी खोजबीन की और उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो वे बुरी तरह घबरा गए। परिजनों का आरोप है कि वे रात के करीब 2 बजे ही नाथनगर थाने मदद की गुहार लगाने पहुंच गए थे, लेकिन पुलिस ने मामले में तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उन्हें यह कहकर थाने से भगा दिया कि अभी थाने में कोई बड़े अधिकारी मौजूद नहीं हैं, सुबह 10 बजे आना। पुलिस के इस टालमटोल वाले रवैये से पीड़ित परिवारों में भारी आक्रोश है।

रो-रोकर सबका बुरा हाल

लापता बच्चियों की माताओं और परिजनों की रो-रोकर आंखें पथरा गई हैं। सोनम कुमारी की मां मंगली देवी ने अत्यंत भावुक होते हुए कहा कि उनकी 12 साल की बेटी अचानक गायब हो गई और उन्हें डर है कि वह किसी के बहकावे या झांसे में आ गई है। वहीं पल्लवी की मां रानी देवी ने बताया कि जब उन्हें बच्चियों के घर से अचानक निकल जाने की भनक लगी, तो उन्होंने बाकी लोगों को जगाया, लेकिन तब तक बच्चियां मुख्य सड़क तक जा चुकी थीं और उसके बाद वे कहां ओझल हो गईं, कुछ पता नहीं चला। सभी परिवारों को डर सता रहा है कि मासूम बच्चियों के साथ कोई अनहोनी न हो जाए।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

सुबह मामला तूल पकड़ने और स्थानीय लोगों के आक्रोश के बाद नाथनगर थाना पुलिस और टेक्निकल सेल की टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई है। पुलिस ने मामले को देखते हुए कई बिंदुओं पर एक साथ तफ्तीश शुरू की है। पुलिस की टीम गायब हुई बच्चियों के कमरों और उनके निजी सामानों की बारीकी से तलाशी ले रही है। उनकी कॉपियों, किताबों और डायरियों को खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उन्होंने कोई नोट या खत छोड़ा है। इसके अलावा स्कूल की अन्य सहेलियों से भी पूछताछ की जा रही है।

CCTV खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मुख्य मार्गों, चौराहों और आस-पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रहे हैं ताकि बच्चियों के मूवमेंट के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस ने दावा किया है कि तकनीकी सेल की मदद से सभी संभावित ठिकानों और करीबियों के यहां लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पांचों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।