17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘450 रुपये का दूध और 900 रुपये की एक कप चाय’, अमेरिका के चायवाले की कमाई सुन चौंका बिहार का दूधवाला

Bihari Chaiguy Viral Video: सोशल मीडिया पर 'Chaiguy' के नाम से मशहूर बिहारी बिजनेसमैन प्रभाकर प्रसाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे बिहार के एक दूधवाले को अमेरिका की महंगाई के बारे में बता रहे हैं।

3 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Jun 17, 2026

bihari chaiguy prabhakar prasad viral video

दूधवाले से बात करते प्रभाकर प्रसाद (फोटो- वायरल वीडियो स्क्रीन ग्रैब)

Bihari Chaiguy Prabhakar Prasad: क्या आपको पता है कि भारत के नुक्कड़ और ढाबों पर 10 या 15 रुपये में मिलने वाली चाय सात समंदर पार हजारों किलोमीटर दूर कितने की हो सकती है? सोशल मीडिया पर इन दिनों बिहार के एक देसी दूधवाले और अमेरिका के लॉस एंजिल्स में रहने वाले एक सफल बिहारी एंटरप्रेन्योर के बीच हुई बातचीत का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लॉस एंजिल्स में 'Chaiguy' के नाम से चाय बेचने वाले प्रभाकर प्रसाद ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में प्रभाकर बिहार के एक दूधवाले को अमेरिका में दूध और चाय की कीमतें बताते हैं, तो दूधवाले के चेहरे के एक्सप्रेशन देखने लायक होता है।

450 रुपये लीटर दूध और 900 की चाय

कैलिफ़ोर्निया से अपने गृह राज्य बिहार लौटे प्रभाकर प्रसाद (Chaiguy) ने अपने दूध वाले से बातचीत शुरू की। प्रभाकर ने हंसते हुए दूधवाले को बताया कि कैलिफ़ोर्निया (USA) में 450 रुपये में एक लीटर बढ़िया दूध मिलता है। यह सुनकर बिहार का सीधा-सादा दूध वाला हैरान रह गया। इसके बाद जब दूधवाले ने उत्सुकता से चाय की कीमत पूछी, तो प्रभाकर ने जो बताया उसने उसे और चौंका दिया। प्रभाकर ने कहा, "वहां चाय का एक कप 10 डॉलर यानी करीब 900 रुपये में बेचते हैं।"

900 रुपये में मात्र एक कप चाय बिकने की बात सुनते ही दूधवाले के मन में तुरंत बिजनेस करने का विचार आया। उसने हैरान होने के बजाय प्रभाकर से सीधे एक बिजनेस आइडिया शेयर करते हुए पूछा, "यहां से दूध नहीं जा सकता है वहां?" तो प्रभाकर ने जवाब दिया, "नहीं, दूध फट जाएगा, सड़ जाएगा।" इस पर दूधवाले ने कहा कि नहीं फटेगा दूध, फ्रिज में जाएगा यहां से।

पैसा बहुत है पर टेंशन भी ज्यादा है

जब प्रभाकर ने उसे बताया कि वे अभी वहां से आए हैं और आने में पूरे 44 घंटे लगे हैं, तो दूधवाला समय और समय के इस अंतर को सुनकर हैरान रह गया। बातचीत के दौरान दूधवाले ने अमेरिका के जीवन, मौसम और वहां के रहन-सहन को लेकर भी अपनी उत्सुकता जाहिर की। उसने पूछा कि गर्मी पड़ती है वहां? पैसा बहुत आता है?

इस पर प्रभाकर प्रसाद ने अमेरिका की चकाचौंध के पीछे की हकीकत बयां की। उन्होंने जवाब देते हुए कहा, "पैसा ज्यादा है, पर समस्या भी ज्यादा है, टेंशन भी ज्यादा है। सब जल्दी-जल्दी-जल्दी हो रहा है। सब मरेंगे भी जल्दी।" यह सुनते ही दूधवाला हंस पड़ा और फिर दोनों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे को 'राम-राम' कहा।

कौन हैं प्रभाकर प्रसाद ?

प्रभाकर को आज इंटरनेट की दुनिया में 'बिहारी चायवाला' या 'Chaiguy' के नाम से जाना जाता है। 'ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे' को दिए एक पुराने इंटरव्यू में प्रभाकर ने बताया था कि वे मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं, लेकिन बचपन में उनका परिवार भोपाल शिफ्ट हो गया था। हिंदी माध्यम से अचानक अंग्रेजी माध्यम के स्कूल में जाने के कारण बच्चों ने उनके बिहारी एक्सेंट का काफी मजाक उड़ाया था।

प्रभाकर ने हार नहीं मानी, कड़ी मेहनत की और न सिर्फ अंग्रेजी सीखी बल्कि आईआईटी की स्क्रीनिंग परीक्षा भी पास की। इसके बाद उन्होंने कॉर्पोरेट जगत में कदम रखा और एमबीए (MBA) करने के लिए अमेरिका चले गए। अमेरिका में उनकी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए। उन्हें मंदी के कारण नौकरी से हाथ धोना पड़ा, उनका ब्रेकअप हुआ और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी हुईं। जब वह पूरी तरह टूट चुके थे, तब एक दोस्त की सलाह पर उन्होंने लॉस एंजिल्स की सड़कों पर केतली लेकर चाय बेचना शुरू किया। उनका यह देसी अंदाज अमेरिकियों को इतना पसंद आया कि आज वह 'chaiguy' के नाम से मशहूर हैं।