
खान सर (फ़ाइल फोटो)
Khan Sir vs Roshan Anand पटना के चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर को कोचिंग फायरिंग मामले में 7 जुलाई तक राहत मिल गई है। शुक्रवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 7 जुलाई तक के लिए स्थगित कर दी। यानी तब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी।
इसी के साथ खान सर के दोनों सुरक्षा गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई भी टाल दी गई है। ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद के अधिवक्ता सत्यम झा ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अनुपस्थिति के कारण मामले की सुनवाई एडीजे-2 की अदालत में हुई। अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 7 जुलाई तय की है। दोनों सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिकाओं पर भी उसी दिन सुनवाई होगी।
दरअसल, 2 जून की रात करीब 10 बजे पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ और पथराव की घटना के बाद मामला थाने पहुंचा था। आरोप है कि इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने कोचिंग सेंटर के एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की थी। इस मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद समेत अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि, बाद में सभी आरोपितों को अदालत से जमानत मिल गई।
घटना के दो दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें खान सर के दो सुरक्षा गार्ड कथित तौर पर हवा में फायरिंग करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाद में उनके बयान के आधार पर कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। इसके बाद खान सर ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। फिलहाल अदालत से उन्हें गिरफ्तारी पर अंतरिम राहत मिली हुई है।
रौशन आनंद और फैजल खान के बीच विवाद उस समय और बढ़ गया जब रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में मौत हो गई। रौशन आनंद ने इस मामले में फैजल खान उर्फ खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई की हत्या की साजिश फैजल खान ने ही रची थी। उन्होंने इस संबंध में पटना के कदमकुआं थाना में शिकायत भी दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उनका एफआईआर लेने से इनकार कर दिया। वहीं, फैजल खान ने एक वीडियो जारी कर प्रिंस यादव की हत्या में किसी भी तरह की संलिप्तता से साफ इनकार किया है।
Updated on:
03 Jul 2026 09:54 pm
Published on:
03 Jul 2026 08:59 pm
