
मरीज से बात करते खान सर (फोटो- वीडियो ग्रैब)
Khan Sir Video: पटना के जाने-माने टीचर और खान GS रिसर्च सेंटर के फाउंडर खान सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह कोई कोचिंग क्लास या कॉन्ट्रोवर्सी नहीं, बल्कि उनकी सेवा की भावना है। खान सर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों का हालचाल पूछते और उनका हौसला बढ़ाते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोग खान सर की तारीफ कर रहे हैं, साथ ही बिहार के हेल्थकेयर सिस्टम पर भी सवाल उठा रहे हैं।
वायरल वीडियो में खान सर एक वृद्ध मरीज के पास खड़े होकर उनसे बातचीत कर रहे हैं। मरीज की हालत और उसके चलने-फिरने में हो रही तकलीफ को देखते हुए खान सर ने बेहद आत्मीयता से कहा, "बिल्कुल ठीक हो जाइएगा, घबराइए मत। शायद थोड़ा ऑपरेशन करना पड़े, उसके बाद आप बिल्कुल ठीक हो जाएंगे और ये लाठी छूट जाएगी।"
इस दौरान वीडियो में खान सर के साथ एक महिला डॉक्टर भी दिख रही है, जो मरीज को समझाती हुई कहती हैं, “अभी दवा लिखकर दे रहे हैं। दवा ले लीजिएगा, फिर आकर हमें दिखा लीजिएगा। होली के बाद ऑपरेशन शुरू हो जाएगा, तब आपका ऑपरेशन कर दिया जाएगा।”
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, यूजर्स ने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार की बुराई करना शुरू कर दिया। कई यूजर्स ने बिहार के स्वस्थ मंत्री मंगल पांडे को टैग करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, "जो काम मंगल पांडे जी को करना चाहिए था, वह अब खान सर कर रहे हैं। शर्म नहीं आती है क्या?" लोगों का कहना है कि जहां सरकारी अस्पतालों की हालत खराब है और उनमें सुविधाओं की कमी है, वहीं एक टीचर अपनी निजी पहल से गरीबों को बेहतर इलाज का भरोसा दे रहे हैं।
कुछ यूजर्स ने वीडियो शेयर किया और खान सर की तारीफ करते हुए लिखा, "खान सर अपने हॉस्पिटल में मरीजों के पास पहुंचे। उन्होंने उनकी हिम्मत बढ़ाई और उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।" कुछ यूजर्स ने यह भी लिखा, "शिक्षा हो या स्वास्थ्य, खान सर ने बता दिया कि सेवा कैसे की जाती है।"
खान सर का हॉस्पिटल अपनी किफायती और ट्रांसपेरेंट स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चर्चा में है। यहां टेस्ट और ट्रीटमेंट बहुत ही सस्ते रेट पर दिए जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, MRI की एवरेज मार्केट प्राइस 9,000 रुपये है, जबकि खान सर के हॉस्पिटल में इसकी कीमत सिर्फ़ 2,700 रुपये है (लगभग 70% का डिस्काउंट)। डॉक्टर की कंसल्टेशन फीस भी सिर्फ़ 50 रुपये है।
अन्य पैथोलॉजी टेस्ट की दरें भी यहां बहुत कम है। जैसे कि निजी जांच घरों में CBC और KFT जांच के लिए 1250 रुपये तक चार्ज किए जाते हैं, लेकिन खान सर के स्पेशल डिस्काउंट के साथ, मरीज सिर्फ 625 रुपये देते हैं। खान सर ने कई इंटरव्यू में कहा है कि वे हेल्थकेयर को इतना सस्ता बनाना चाहते हैं कि पैसे की कमी से किसी की जान न जाए।
हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन और खान सर के मुताबिक, हॉस्पिटल में सर्जिकल सुविधाएं अब पूरी तरह से तैयार हैं। होली के त्योहार के तुरंत बाद पेंडिंग ऑपरेशन और दूसरी गंभीर बीमारियों का इलाज युद्ध स्तर पर शुरू हो जाएगा।
खान सर का हॉस्पिटल पटना के ऐतिहासिक अशोक राजपथ पर है। एनी बेसेंट रोड पर, पटना कॉलेज के ठीक सामने, यह सफेद, पांच मंजिला बिल्डिंग दूर से ही पहचानी जा सकती है। अगर आप डबल-डेकर ब्रिज से आ रहे हैं, तो यह पिलर नंबर 54 के ठीक सामने है।
Published on:
27 Feb 2026 08:09 am
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
