18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नीतीश ने नहीं पहनी टोपी, हाथ जोड़कर बैठे रहे; बेटे निशांत ने पहना गमछा, इफ्तार पार्टी में दिखा बदला-बदला नजारा

मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी में नीतीश कुमार को एक कुर्सी पर हाथ जोड़कर बैठे हुए देखा गया। वहीं, उनके बेटे निशांत कुमार को अगली कतार में, सिर पर टोपी और कंधे पर गमछा डाले बैठे हुए थे।

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Mar 18, 2026

सीएम आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी

सीएम आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी

पटना के एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार की शाम इफ्तार पार्टी (दावत-ए-इफ्तार) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नमाज अदा करने के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए। रमजान के पवित्र महीने में आयोजित इस कार्यक्रम में सत्ता पक्ष के तमाम दिग्गज जुटे थे। लेकिन इस बार की इफ्तार पार्टी सालों से चली आ रही परंपरा से थोड़ी अलग और बदली-बदली नजर आई। यह बदलाव न केवल बैठने की व्यवस्था में था, बल्कि मुख्यमंत्री और उनके बेटे निशांत कुमार के हाव-भाव में भी स्पष्ट दिखा।

पीछे बैठे नीतीश, फ्रंट में निशांत

आमतौर पर इफ्तार के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सबसे आगे की पंक्ति में रोजेदारों के साथ बैठते हैं और नमाज अदा करते हैं। लेकिन इस साल नीतीश कुमार रोजेदारों के साथ आगे बैठने के बजाय पीछे की कुर्सी पर दोनों हाथ जोड़कर बैठे दिखे। दिलचस्प बात यह रही कि जिस स्थान पर पहले नीतीश कुमार बैठते थे, वहां इस बार उनके बेटे निशांत कुमार बैठे नजर आए। निशांत पूरी तरह रोजेदारों के रंग में रंगे थे। उन्होंने मुस्लिम टोपी पहनी थी और कंधे पर पिता के अंदाज में ही 'हाजी रुमाल' (गमछा) डाल रखा था।

सम्राट चौधरी-विजय सिन्हा भी हुए शामिल

सीएम आवास की इस इफ्तार पार्टी में एनडीए के सभी घटक दलों के नेता मौजूद थे। दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी, मंत्री जमा खान, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित कई विधायक और विधान पार्षद शामिल हुए। सभी ने भी रोजेदारों के साथ वक्त बिताया। सुरक्षा के लिहाज से गेट नंबर 13 से कड़ी जांच के बाद ही किसी को भी सीएम आवास में प्रवेश दिया गया। नेताओं को मोबाइल या कोई भी निजी सामान अंदर ले जाने की अनुमति नहीं थी।

नीतीश ने नहीं पहनी टोपी

इससे पहले मंगलवार को हज भवन में जमा खान ने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था, जहां सीएम नीतीश कुमार निशांत के साथ पहुंचे थे। हालांकि, वो वहां ज्यादा देर नहीं रुके थे, लेकिन उनके दौरे के दौरान एक खास नजारे ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया था। परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री को टोपी पहनाई जा रही थी, लेकिन नीतीश कुमार ने खुद टोपी पहनने के बजाय उसे अपने हाथों में लिया और अपने बेहद करीबी मंत्री विजय कुमार चौधरी के सिर पर रख दी।

जमा खान की इफ्तार पार्टी में निशांत रोजेदारों से काफी गर्मजोशी से मिले और जदयू कार्यकर्ताओं के साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान निशांत कुमार की बीजेपी नेताओं के साथ केमिस्ट्री भी देखने लायक थी। उन्होंने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन से काफी देर तक बातचीत की। इफ्तारी के दौरान उन्होंने बादाम को प्रणाम कर ग्रहण किया।