
पटना एयरपोर्ट पर शिवराज सिंह चौहान और नितिन नवीन का स्वागत करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी (फोटो-X)
Bihar New CM:बिहार की राजनीति में आज एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। राजधानी पटना के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है क्योंकि पहली बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) का कोई नेता मुख्यमंत्री का पद संभालने जा रहा है। भाजपा विधायक दल के नेता के नाम पर मुहर लगाने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े विशेष विमान से पटना पहुंचे हैं। हवाई अड्डे पर पहुंचने पर इन दिग्गज नेताओं का गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
पटना एयरपोर्ट पर केंद्रीय नेताओं के स्वागत के लिए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार समेत कई कद्दावर नेता मौजूद रहे। एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही नेताओं का काफिला सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय की ओर रवाना हुआ।
पटना में लगातार हो रही वीआईपी मूवमेंट की वजह शहर में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से वीरचंद पटेल पथ पर स्थित राज्य BJP मुख्यालय के गेट आम कार्यकर्ताओं और बाहरी लोगों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं। दफ्तर परिसर में प्रवेश की अनुमति फिलहाल केवल विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को ही है, ताकि विधायक दल की बैठक पूरी गोपनीयता और अनुशासन के साथ संपन्न हो सके।
पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान दोपहर 3 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में BJP विधायक दल की बैठक बुलाएंगे। इस बैठक के में विधायकों की राय और केंद्रीय नेतृत्व की पसंद के बीच तालमेल बिठाने के बाद विधायक दल के नेता के नाम की घोषणा की जाएगी। फिलहाल तो इस रेस में सम्राट चौधरी के नाम को लेकर सबसे ज्यादा अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन BJP के काम करने के तरीके को देखते हुए, किसी चौंकाने वाले उम्मीदवार की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
सूत्रों के अनुसार, नई कैबिनेट के गठन को लेकर BJP और उसके गठबंधन सहयोगियों के बीच सहमति बन गई है। चर्चा है कि नई सरकार में कुल 24 मंत्री शामिल हो सकते हैं। इसके तहत भाजपा के पास मुख्यमंत्री सहित 11 पद, जदयू के पास उपमुख्यमंत्री सहित 9 पद, लोजपा (रामविलास) के पास 2 पद और हम (HAM) व आरएलएम (RLM) को 1-1 मंत्री पद मिलने की संभावना है। पिछली सरकार के कई जाने-पहचाने चेहरे इस बार भी शामिल हो सकते हैं, हालांकि उन्हें नई भूमिकाएं दी जा सकती हैं।
भाजपा विधायक दल की बैठक के तुरंत बाद, NDA के सभी पांच घटक दलों की एक संयुक्त बैठक शाम चार बजे होनी तय है। इस बैठक में सभी सहयोगी दल भाजपा द्वारा चुने गए नेता के नाम का औपचारिक रूप से समर्थन करेंगे। इसके बाद NDA के सभी विधायक राजभवन जाएंगे, जहां वे राज्यपाल सैयद अता हसनैन के समक्ष नई सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो बुधवार सुबह 11 बजे लोक भवन में एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें बिहार के पहले BJP मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
Published on:
14 Apr 2026 01:35 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
