
CM नीतीश कुमार (ANI)
राज्य सभा जाने के अपने फैसले को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वो अपनी सख्त इमेज और अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने बिहार में शराबबंदी जैसे बड़े फैसले लागू किए और हमेशा नशामुक्त समाज की वकालत की है। इस बीच, जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और नीतीश कुमार के करीबी केसी त्यागी ने नीतीश कुमार की एक सीक्रेट आदत का खुलासा किया है, जिसने समर्थकों और विरोधियों दोनों को चौंका दिया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में, केसी त्यागी ने नीतीश कुमार के साथ अपने दशकों पुराने अनुभव शेयर किए। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री की एक आदत का जिक्र करते हुए इसे उनका एक 'छोटा सा अवगुण' बताया। त्यागी ने बताया कि नीतीश कुमार को तंबाकू (खैनी) खाने का शौक था, लेकिन वह इसे चुपके से किया करते थे।
त्यागी के मुताबिक, नीतीश कुमार तंबाकू या खैनी का सेवन करते थे, लेकिन इसे हमेशा छिपाकर रखते थे। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार कुर्ते की जेब में खैनी रखते थे। वो इसे बड़ी सावधानी और गोपनीय ढंग से निकालते और मुट्ठी में लेकर रगड़ते थे कि किसी को पता भी न चले कि वे कब खैनी खा गए।
केसी त्यागी का यह खुलासा चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि नीतीश कुमार हमेशा से सार्वजनिक जीवन में पान, गुटखा और दूसरी लतों से दूर रहते दिखे हैं। सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोग नीतीश कुमार के इस देसी अंदाज पर चटखारे ले रहे हैं।
यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है जब नीतीश कुमार बिहार के सीएम की कुर्सी छोड़कर दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सभा चुनाव के लिए अपना नॉमिनेशन फाइल कर दिया है और 16 मार्च को वोटिंग के बाद वे कभी भी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
केसी त्यागी लंबे समय से नीतीश कुमार के खास रणनीतिकार और भरोसेमंद साथी रहे हैं। जनता दल (यूनाइटेड) के साथ अपने समय में, उन्होंने कई सालों तक पार्टी की राष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, हाल के महीनों में पार्टी लाइन से अलग बयानों के कारण उनके और जेडीयू के बीच दूरी बढ़ गई थी, लेकिन नीतीश के साथ उनके निजी किस्से आज भी राजनीति के गलियारों में जिंदा हैं।
Updated on:
12 Mar 2026 08:06 am
Published on:
12 Mar 2026 08:06 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
