
पीड़िता के परिवार से मुलाकत करते सांसद पप्पू यादव
बिहार के नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र स्थित कापड़सराय गांव में एक नाबालिग बेटी के साथ हुई दरिंदगी ने पूरे प्रदेश को सन्न कर दिया है। पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सांसद पप्पू यादव परिवार का दुख सुनकर फफक-फफक कर रो पड़े। उन्होंने सत्ता पक्ष के नेताओं पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जब राजधानी से महज 70 किलोमीटर दूर ऐसी वारदात होती है, तब एसी कमरों में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करना शर्मनाक है।
इस मुलाकात के बाद सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मुझे गाली दीजिए, खूब गाली दीजिए… पर इस मां-बाप का दर्द तो समझिए। पिता के सामने बेटी से रेप कर हत्या कर दी गई, क्या किसी का खून नहीं खौला? कोई आंसू पोंछने भी नहीं पहुंचा। पटना से महज 70 KM दूर इनका दर्द नहीं दिखा। बस AC कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस में गाली देना सत्ताधारी का काम बचा है।'
मुलाकात के दौरान मृतका की मां ने पप्पू यादव को बताया कि उनकी बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। साक्ष्य मिटाने के लिए अपराधियों ने शव को घर में फंदे से लटका दिया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। परिजनों का दावा है कि घर की स्थिति ऐसी नहीं है कि वहां कोई फांसी लगा सके। पप्पू यादव ने भी इस बात का समर्थन करते हुए कहा कि यह स्पष्ट रूप से एक जघन्य हत्या है और इसे दबाने की कोशिश की जा रही है।
पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए पप्पू यादव ने तत्काल 25,000 रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे इस अन्याय के खिलाफ अकेले नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि आरोपी आसपास का ही रहने वाला है, इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवालिया निशान है।
सांसद ने कहा कि वे इस मुद्दे को लोकसभा में उठाएंगे और अगर जरूरत पड़ी तो कोर्ट तक जाएंगे। उन्होंने मांग की कि इस मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाए और दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। पप्पू यादव ने भावुक होते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर इस परिवार को न्याय दिलाना अब उनकी प्राथमिकता है।
Published on:
24 Apr 2026 03:38 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
