
नालंदा पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के एक बयान पर सियासी बवाल मचा हुआ है। पप्पू यादव ने आरोप लगाया था कि राजनीति में आने वाली 90 प्रतिशत महिलाओं को नेताओं के बिस्तर से होकर गुजरना पड़ता है। इसके बाद बाहुबली नेता अनंत सिंह और भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह समेत कई नेताओं ने उन पर पलटवार किया। इसके बाद गुरुवार को नालंदा पहुंचे सांसद पप्पू यादव ने विरोधियों पर पलटवार किया है। उन्होंने दावा किया कि उनके पास दर्जनों नेताओं के अश्लील वीडियो हैं, जिन्हें उन्होंने जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक करने की धमकी दी।
बलात्कार की एक घटना के बाद आत्महत्या करने वाली एक छात्रा के परिवार को सांत्वना देने के लिए नालंदा पहुंचे सांसद पप्पू यादव ने अनंत सिंह और श्रेयसी सिंह के बयानों का जवाब दिया। पप्पू यादव ने कहा, 'जो लोग मुझे मेरी पत्नी और बेटी के बारे में ज्ञान दे रहे हैं, वे खुद ही शिष्टाचार से कोसों दूर हैं। दुनिया अच्छी तरह जानती है कि मेरी पत्नी (रंजीत रंजन) कौन हैं।' श्रेयसी सिंह का नाम लिए बिना पप्पू यादव ने आगे कहा, 'जिस व्यक्ति के पिता मेरे साथ सांसद रह चुके हैं, वही आज मुझे ज्ञान देने लगी हैं। मैं बस अपनी बेटियों को राजनीति के इस दलदल से और इन गंदे नेताओं की गिद्ध-दृष्टि से बचाना चाहता हूं।'
दरअसल, जदयू विधायक अनंत सिंह ने पप्पू यादव को पागल कहते हुए उनकी पत्नी पर टिप्पणी की थी। अनंत सिंह ने कहा था कि जब पप्पू यादव कहते हैं कि 90 फीसदी महिलाएं राजनीति में आने के लिए बेड का सहारा लेती हैं, तो पहले अपनी पत्नी से पूछें कि वह कैसे राजनीति में आईं? किसके जरिए आगे बढ़ीं?
वहीं, भाजपा विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा था कि पप्पू यादव द्वारा इस्तेमाल किया गया अमर्यादित शब्द उनकी घटिया सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा, 'मेरा खून तो गुस्से से खौल रहा है, फिर भी मैं अच्छी तरह जानती हूं कि भाषा की मर्यादा कैसे बनाए रखनी है।' श्रेयसी सिंह ने बताया कि यह वही पप्पू यादव हैं जिनकी अपनी पत्नी ने राज्यसभा और लोकसभा, दोनों सदनों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उनकी अपनी बेटी किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करती, तो क्या पप्पू यादव तब भी इसी तरह की टिप्पणी करते? उन्होंने आगे मांग की कि पप्पू यादव तुरंत किसी सार्वजनिक मंच पर आकर देश की सभी महिलाओं से बिना शर्त माफी मांगें।
पप्पू यादव ने दावा किया कि उनके पास ऐसे पुख्ता साक्ष्य हैं जो बिहार और देश के कई बड़े राजनीतिक चेहरों को बेनकाब कर सकते हैं। उन्होंने कहा, 'बिहार के दर्जनों सांसदों और कई पूर्व मुख्यमंत्रियों की लाइव सीडी है मेरे पास, जिसमें वे महिलाओं का यौन उत्पीड़न करते दिख रहे हैं। मेरा संघर्ष इन गंदे लोगों के खिलाफ है।'
नालंदा में पीड़ित परिवार से मिलते समय पप्पू यादव काफी भावुक नजर आए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े जब मृतका की मां ने अपनी व्यथा सुनाई। सांसद ने परिवार को तत्काल 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी और बच्ची की पढ़ाई-लिखाई का जिम्मा उठाने का वादा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपील की कि वे अपने समाज की बेटी मानकर इस परिवार को न्याय दिलाएं।
Published on:
23 Apr 2026 04:01 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
