
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव (फोटो-PTI)
Pappu Yadav News: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति में जुबानी जंग छिड़ गई है। कुछ लोग इस कार्रवाई को कानूनी प्रक्रिया बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक रंग दे रहे हैं। इस बीच, पश्चिम चंपारण से बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने पप्पू यादव को लेकर कई दावे किए हैं।
संजय जायसवाल ने कहा कि पप्पू यादव का इतिहास वही रहा है। 1990 के दशक में वे और उनके साथी कैदी वार्ड में रहते हुए वहीं से पूरे बिहार में अपना क्राइम सिंडीकेट चलाते थे। कांड करने के बाद वापस कैदी वार्ड में लौट जाते थे। जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा कि वर्षों बाद फिर उसी जगह उन्हें देखना इस बात का संकेत है कि जिंदगी घूमकर वहीं ले आती है और हर कर्म का हिसाब यहीं चुकाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आप जीतने अपराध करते हैं, जितनी हत्या करते हैं, जितनी स्मगलिंग करते हैं, सबका हिसाब आपको यहीं देना होता है।
पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात एक पुराने केस में कार्रवाई करते हुए सांसद को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि यह गिरफ्तारी किसी ताजा घटना में नहीं, बल्कि करीब तीन दशक पुराने प्रकरण में जारी वारंट के आधार पर हुई। पुलिस टीम जब मंदिरी स्थित आवास पर पहुंची तो इलाके में हलचल बढ़ गई।
हिरासत में लिए जाने के वक्त पप्पू यादव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि टीम उचित दस्तावेज के बिना पहुंची है। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई और वे बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
शनिवार को अदालत में पेशी के बाद पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए फिलहाल उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के कैदी वार्ड में रखा गया है। मामले की अगली सुनवाई सोमवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में संभावित है, जहां जमानत याचिका पर बहस हो सकती है।
Updated on:
08 Feb 2026 04:30 pm
Published on:
08 Feb 2026 04:30 pm
