
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाती पुलिस
Patna Fire News: बिहार की राजधानी पटना के चौक थाना क्षेत्र में गुस्से में आकर एक दामाद ने अपनी पत्नी के परिवार वालों को जिंदा जलाने की कोशिश की। आरोपी युवक दो बोतलों में पेट्रोल भरकर अपने ससुराल पहुंचा और वहां मौजूद अपनी पत्नी, मासूम बच्चे और सास-ससुर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। जिससे चार लोग बुरी तरह झुलस गए और सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का पहला पति है और 15 दिन पहले ही महिला की दूसरी शादी हुई है, जिससे वो गुस्से में था। घटना राजाराम गली स्थित श्याम मंदिर मार्ग की है।
बुधवार सुबह सब कुछ सामान्य चल रहा था तभी सुबह करीब साढ़े 11 बजे आरोपी हाथ में दो बोतल पेट्रोल लेकर अचानक घर के भीतर दाखिल हुआ। परिजनों के मुताबिक, घर में घुसते ही आरोपी ने बिना सोचे-समझे और बिना कोई मौका दिए, बोतलों में भरा पेट्रोल वहां मौजूद लोगों और पूरे कमरे में छिड़कना शुरू कर दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या अपनी जान बचाकर बाहर भाग पाता, दामाद ने माचिस मारकर पूरे घर को आग के हवाले कर दिया और मौके से भाग निकला।
आग लगते ही पूरा कमरा धू-धू कर जल उठा और उसमें मौजूद लोग जिंदा जलने लगे। आग की चपेट में आने से ससुर पुरुषोत्तम अग्रवाल, सास निर्मला अग्रवाल, पत्नी मोनी देवी और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए। पड़ोसियों ने बताया कि सुबह करीब 10:30 से 11:30 के बीच अचानक घर से आग की भीषण लपटें और धुएं का गुबार निकलता दिखाई दिया। इसके साथ ही घर के अंदर से अपनों को बचाने और चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। आवाज सुनते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर दौड़े।
घटनास्थल यानी राजा बाबू खाटू श्याम गली का रास्ता बेहद संकरा और तंग था, जिसके कारण राहत और बचाव कार्य शुरू करने में स्थानीय लोगों और बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को भारी मशक्कत करनी पड़ी। तंग गली होने की वजह से दमकल की बड़ी गाड़ियों का वहां पहुंचना नामुमकिन था। ऐसे में स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जलते हुए घर से चारों पीड़ितों को किसी तरह आग की लपटों से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने ही तुरंत इस भीषण हादसे की जानकारी स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की छोटी गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी चारों घायलों को तुरंत रेस्क्यू वाहन में लादा और पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया। जहां सभी का इलाज चल रहा है।
इस वारदात के बाद पटना सिटी के डीएसपी-2 डॉ. गौरव कुमार खुद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को जांच के लिए बुलाया। डीएसपी डॉ. गौरव कुमार ने बताया कि परिवार के लोगों द्वारा कुछ आरोप लगाए गए हैं, जिसके आधार पर जांच चल रही है। इलाके और गली में लगे सभी सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है।
Updated on:
20 May 2026 02:13 pm
Published on:
20 May 2026 01:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
