
मिडविकेट स्टोरीज लॉन्च
Midwicket Stories: आज पूरी दुनिया बिहार के युवाओं के हुनर का लोहा मानती है। अपनी प्रतिभा के दम पर वे हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। इसी कड़ी में मूल रूप से पटना के रहने वाले युवा उद्यमी निशांत दयाल और उनके सह-संस्थापक जया प्रसाद ने मिलकर एक बेहद अनोखा प्लेटफॉर्म तैयार किया है। तीन साल की कड़ी मेहनत और अनगिनत चर्चाओं के बाद, उन्होंने मिडविकेट स्टोरीज लॉन्च किया है, जो अपनी तरह का पहला वैश्विक क्रिकेट कहानी कहने वाला प्लेटफॉर्म है। इस प्लेटफॉर्म का भव्य और आधिकारिक लॉन्च हाल ही में मुंबई के ITC मराठा होटल में हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर क्रिकेट जगत की कई दिग्गज हस्तियां और जानी-मानी शख्सियतें मौजूद थीं, जिन्होंने बिहार के इस सपूत की सोच और विजन की जमकर तारीफ की।
मिडविकेट स्टोरीज का विचार 2022 में एक कागज के टुकड़े पर लिखे गए एक साधारण से आइडिया के रूप में सामने आया था। निशांत और जया ने एक ऐसे प्लेटफॉर्म की कल्पना की थी जो क्रिकेट के इतिहास के सबसे बड़े दिग्गजों को एक साथ लाएगा और उनके बीच ऐसी बातचीत को संभव बनाएगा जिसे दुनिया ने पहले कभी नहीं सुना था। पिछले तीन वर्षों में अपनी प्रामाणिकता साबित करने के लिए यह प्लेटफॉर्म तीन महाद्वीपों, चार देशों और दुनिया के सात बड़े शहरों का सफर कर चुका है। अब तक क्रिकेट जगत के 11 सबसे बड़े खिलाड़ी सात अलग-अलग एपिसोड में शामिल हो चुके हैं।
इस सफर की शुरुआत सिडनी से हुई, जहां सुनील गावस्कर और एलन बॉर्डर को लेकर पहला एपिसोड फिल्माया गया था। इसके बाद दुबई में गावस्कर और विव रिचर्ड्स, मुंबई में हरभजन सिंह और क्रिस गेल, बेंगलुरु में गावस्कर और जेफ़्री बॉयकॉट, लंदन में गावस्कर और इयान बॉथम, चेन्नई में नवजोत सिंह सिद्धू और सनथ जयसूर्या और एडिलेड में जहीर खान और मैथ्यू हेडन जैसे दिग्गजों के बीच हुई बातचीत को एक बेहद अनोखे अंदाज में फ़िल्माया गया।
भारतीय क्रिकेट के लीजेंड और पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर इस प्लेटफॉर्म के मुख्य सलाहकार के रूप में जुड़े हैं। मुंबई में लॉन्चिंग के दौरान इसके आठवें एपिसोड की रिकॉर्डिंग भी पूरी की गई, जिसमें हरभजन सिंह और मैथ्यू हेडन एक साथ नजर आए। इस प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट फैंस को सिर्फ रन, विकेट और आंकड़े नहीं देखने को मिलेंगे, बल्कि मैच के बाद और ड्रेसिंग रूम के भीतर के वो अनसुने राज पता चलेंगे जो आज तक पब्लिक डोमेन में नहीं आए।
हरभजन सिंह और मैथ्यू हेडन के बीच मैदान पर रही मशहूर प्रतिद्वंद्विता और बाद में बदली उनकी गहरी दोस्ती के कई मजेदार और भावुक किस्से इस मंच पर देखने को मिलेंगे। खुद सुनील गावस्कर ने कहा कि क्रिकेट भावनाओं और अनकही कहानियों से भरा हुआ है और मिडविकेट स्टोरीज इसे बहुत ही खूबसूरत तरीके से दर्शकों के सामने ला रहा है।
निशांत दयाल का यह प्लेटफॉर्म सिर्फ क्रिकेट के मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बेहद नेक और दिल को छू लेने वाला सामाजिक उद्देश्य छिपा है। 'मिडविकेट स्टोरीज' के इन हाई-प्रोफाइल इवेंट्स और आने वाले प्रोजेक्ट्स से जो भी मुनाफा कमाया जाएगा, उसे डॉ. दयाल फाउंडेशन को डोनेट किया जाएगा। इस फंड का इस्तेमाल पूरे भारत में गरीब और जरूरतमंद बच्चों की पेरिआट्रिक हार्ट सर्जरी (मासूम बच्चों के दिल का मुफ्त ऑपरेशन) कराने के लिए किया जाएगा।
क्रिकेट इकोसिस्टम में 25 वर्षों से ज्यादा का अनुभव रखने वाले निशांत दयाल इस फाउंडेशन के जरिए पटना के अपने दिवंगत माता-पिता की यादों और उनकी सेवा की विरासत को जिंदा रख रहे हैं। निशांत के पिता डॉ. शंकारेश्वर दयाल पटना के एक बेहद प्रतिष्ठित, मिलनसार और दयालु डॉक्टर थे, जिन्होंने पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में 30 से अधिक वर्षों तक अपनी नि:स्वार्थ सेवाएं दी थीं।
निशांत की मां डॉ. रीता दयाल भी पटना की मशहूर स्त्री रोग विशेषज्ञ और रोटरी क्लब की अध्यक्ष थीं। वे ही इस फाउंडेशन की संस्थापक चेयरपर्सन थीं। साल 2017 में उनके जाने के बाद निशांत दयाल, उनकी बहन स्वाती सिन्हा और सह-संस्थापक जया प्रसाद मिलकर इस नेक काम को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ा रहे हैं।
क्रिकेट इतिहास को एक नए नजरिए से दिखाने वाले मिडविकेट स्टोरीज के ये सभी दिलचस्प और अनसुने एपिसोड अब हर दो हफ्ते में इसके आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किए जाएंगे। क्रिकेट फैंस के लिए यह किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।
Updated on:
28 May 2026 05:28 pm
Published on:
28 May 2026 05:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
