3 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बिहार: सहरसा में डेमू ट्रेन बनी आग का गोला, इंजन समेत बोगी जलकर खाक, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार तड़के समस्तीपुर-सहरसा डेमू ट्रेन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि इंजन समेत एक बोगी जलकर खाक हो गई।
2 min read
Google source verification
Tata-Ernakulam Express Train

ट्रेन में लगी आग (फोटो-IANS)

बिहार के सहरसा जिले में सोमवार सुबह एक डेमू ट्रेन में भीषण आग लगने से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि इंजन समेत उससे जुड़ी एक बोगी धू-धू कर जल गई। ट्रेन की अन्य बोगियों में सवार यात्रियों ने जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदकर सुरक्षित बाहर निकलने का प्रयास किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

धुएं से शुरू हुई घटना, आग में बदला पूरा इंजन

स्थानीय लोगों के अनुसार, समस्तीपुर-सहरसा डेमू ट्रेन (63344) सोमवार सुबह करीब 3:44 बजे सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर पहुंची थी। ट्रेन के रुकने के कुछ ही देर बाद इंजन से धुआं निकलने लगा। शुरुआत में लोगों को लगा कि यह सामान्य तकनीकी खराबी है, लेकिन देखते ही देखते धुआं भीषण आग में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इंजन के साथ उससे जुड़ी एक बोगी भी इसकी चपेट में आ गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म संख्या-2 को खाली करा लिया गया और स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी ट्रेन की आग

आग बुझाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित रहा। रेलवे प्रशासन ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।