2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

विमल कुमार मर्डर केस: पत्नी के आरोपों पर विधायक की सफाई, बिहार की राजनीति में मचा घमासान

विमल कुमार की पत्नी ने लोजपा (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह पर 50 लाख रुपये मांगने और लगातार दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं, विधायक ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया है। इस बीच सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं।
2 min read
Google source verification
vimal kumar murder

विमल कुमार और उनकी पत्नी

रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। विमल कुमार की पत्नी ने डेहरी से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विधायक उनके पति से 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे और पैसे को लेकर उन्हें बार-बार फोन कर परेशान करते थे। पत्नी के अनुसार, 29 जुलाई को विमल कुमार विधायक सोनू सिंह से मिलने भी गए थे। हालांकि, दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उनका दावा है कि इसी वजह से विमल कुमार पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में थे।

वहीं, इन आरोपों पर विधायक सोनू सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उनके खिलाफ राजनीतिक साजिश के तहत आरोप लगाए जा रहे हैं। इस घटना के बाद बिहार में सियासी माहौल और गर्म हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस सरकार में उसके अपने अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, वहां आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।

अक्सर होती थी बात

डेहरी के विधायक राजवी रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने स्वीकार किया कि उनकी विमल कुमार से अक्सर बातचीत होती थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि दोनों के बीच केवल सरकारी कार्यों को लेकर ही चर्चा होती थी। विधायक ने कहा, "विमल कुमार की पत्नी मेरे ऊपर ये आरोप क्यों लगा रही हैं, इसकी मुझे जानकारी नहीं है।" उन्होंने आगे बताया कि शनिवार शाम भी उनकी विमल कुमार से बात हुई थी। इसके बाद रात में उनकी हत्या की सूचना मिली, जिससे वह स्तब्ध रह गए। सोनू सिंह ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी इस हत्याकांड में शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

जहां अधिकारी सुरक्षित नहीं, वहां जनता कैसे सुरक्षित होगी

बिहार सरकार के मंत्री केदार गुप्ता ने कहा कि ईओ विमल कुमार हत्याकांड की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले में कार्रवाई कर रही है और जल्द ही साजिशकर्ताओं तक पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इधर, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस प्रदेश में सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, वहां आम जनता की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है।