18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई, फिर सुप्रीम कोर्ट में लहराया परचम; जानिए कौन हैं बिहार के नए AG एसडी संजय?

Advocate General SD Sanjay Profile: बिहार सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता एसडी संजय उर्फ सत्यदर्शी संजय को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है। पटना हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में चार दशक से अधिक के अनुभव वाले एसडी संजय इससे पहले भारत सरकार के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। 

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Jun 18, 2026

bihar new advocate general SD sanjay

बिहार के नए महाधिवक्ता एसडी संजय

Advocate General SD Sanjay: बिहार सरकार ने SD संजय (सत्यदर्शी संजय) को बिहार का नया एडवोकेट जनरल नियुक्त किया है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद, गुरुवार शाम पटना हाई कोर्ट में एडवोकेट जनरल के चैंबर में एसडी संजय ने अपना नया पद संभाला। पद संभालने के बाद उन्होंने अपने 41 साल के कानूनी करियर के दौरान देखे गए कई उतार-चढ़ावों का जिक्र किया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सौंपी गई नई ज़िम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया। SD संजय ने निवर्तमान एडवोकेट जनरल प्रशांत कुमार शाही (PK शाही) की जगह ली है, जिन्होंने 14 जून को इस पद से स्वेच्छा से इस्तीफा दे दिया था।

एसडी संजय ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से की पढ़ाई

सत्यदर्शी संजय का कानूनी करियर देश भर के युवा वकीलों और लॉ के छात्रों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। मूल रूप से पटना के रहने वाले SD संजय कॉमर्स कॉलेज के एक पूर्व प्रोफेसर के बेटे हैं। उन्होंने देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस लॉ सेंटर (CLC) से अपनी उच्च कानूनी शिक्षा पूरी की। 1984 में ऑनर्स के साथ लॉ की डिग्री हासिल करने के बाद वे पटना लौट आए। उन्होंने मशहूर सीनियर वकील GC भारुका के मार्गदर्शन में पटना हाई कोर्ट में अपनी कानूनी प्रैक्टिस शुरू की।

2010 में बने ASG

सरकारी कानूनी भूमिकाओं में SD संजय का रिकॉर्ड लंबा और शानदार रहा है। उनकी काबिलियत को देखते हुए, नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली तत्कालीन बिहार सरकार ने 2010 में उन्हें राज्य का 'एडिशनल एडवोकेट जनरल' नियुक्त किया, इस पद पर वे लगभग चार साल तक रहे। उनके करियर में एक बड़ा मोड़ 2015 में आया, जब केंद्र सरकार ने हाईकोर्ट में केंद्र का पक्ष रखने के लिए एसडी संजय को एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) बनाया। इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई अहम और हाई-प्रोफाइल अदालती मामलों में प्रमुख केंद्रीय एजेंसियों जैसे सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (CBI), इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) का मजबूती से पक्ष रखा।

सुप्रीम कोर्ट में ASG बनने वाले बिहार के पहले वकील

एसडी संजय की सबसे बड़ी ऐतिहासिक कामयाबी तब आई जब 11 सितंबर 2024 को केंद्र सरकार ने उन्हें सीधे सुप्रीम कोर्ट में भारत का 'एडिशनल सॉलिसिटर जनरल' (ASG) नियुक्त किया। वे इस प्रतिष्ठित पद तक पहुंचने वाले बिहार के इतिहास के पहले वकील बने। उनसे पहले पटना हाईकोर्ट के केवल एक सीनियर एडवोकेट लाल नारायण सिन्हा को देश के सर्वोच्च कानूनी स्तर पर ऐसी बड़ी जिम्मेदारी (AG या SG के तौर पर) सौंपी गई थी।

BJP लीगल सेल के साथ पुराना नाता

अपनी कानूनी प्रैक्टिस के अलावा SD संजय का भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ लंबे समय से मजबूत जुड़ाव रहा है। उन्होंने काफी समय तक बिहार BJP के लीगल सेल के प्रमुख के तौर पर काम किया है। सम्राट सरकार ने अदालत में राज्य का पक्ष मजबूती से रखने के लिए उन पर बहुत भरोसा जताया है।

एडवोकेट जनरल का पद क्या है और इसमें क्या भूमिका निभानी होगी?

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 165 के तहत, एडवोकेट जनरल किसी राज्य का सर्वोच्च कानूनी अधिकारी होता है। गवर्नर किसी व्यक्ति को इस संवैधानिक पद पर तभी नियुक्त कर सकते हैं, जब उनमें हाई कोर्ट का जज बनने के लिए जरूरी योग्यताएं हों। एडवोकेट जनरल राज्य सरकार के मुख्य कानूनी सलाहकार के तौर पर काम करते हैं। महाधिवक्ता के तौर पर SD संजय राज्य सरकार से जुड़े सभी संवैधानिक, प्रशासनिक और अहम कानूनी मामलों में पटना हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक अहम भूमिका निभाएंगे। सरकार की कानूनी रणनीति बनाने और बड़े मामलों में राज्य का पक्ष रखने की पूरी ज़िम्मेदारी अब उन्हीं के कंधों पर होगी।