
Health Insurance Before 30: Photo AI
Health Insurance Before 30: हेल्थ इंश्योरेंस को अक्सर लोग उस समय खरीदने के बारे में सोचते हैं, जब बीमारी या मेडिकल खर्च का खतरा सामने दिखाई देने लगता है। लेकिन पर्सनल फाइनेंस के नजरिए से देखा जाए तो हेल्थ कवर लेने का फैसला केवल बीमारी के बाद नहीं, बल्कि स्वस्थ रहने के दौरान करना ज्यादा अहम हो सकता है। खासकर 20s में पॉलिसी लेने से व्यक्ति को लंबी अवधि में कई फायदे मिल सकते हैं।
30 साल की उम्र से पहले हेल्थ इंश्योरेंस लेने के छह फायदे बताए गए हैं। इनमें कम प्रीमियम, अचानक आने वाले इलाज के खर्च से सुरक्षा, टैक्स लाभ, हेल्थ चेकअप और कुछ पॉलिसियों में रिवॉर्ड जैसे फायदे शामिल हैं। लेकिन यहां सिर्फ 'कम उम्र में सस्ता बीमा' वाली बात समझना पर्याप्त नहीं है। असली फायदा इस बात पर निर्भर करता है कि पॉलिसी में क्या कवर है, कितनी वेटिंग है और किन परिस्थितियों में क्लेम नहीं मिलेगा।
हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम तय करने में उम्र एक महत्वपूर्ण कारक है। Insurance Regulatory and Development Authority of India (IRDAI) के मुताबिक हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम में उम्र और दूसरे प्रासंगिक जोखिम कारकों को ध्यान में रखा जाता है। इसलिए कम उम्र में पॉलिसी लेने पर कई मामलों में अपेक्षाकृत कम प्रीमियम मिल सकता है। हालांकि वास्तविक प्रीमियम हर व्यक्ति और पॉलिसी के हिसाब से अलग होगा। यही वजह है कि 25 साल की उम्र में लिया गया कवर और 45 साल की उम्र में पहली बार लिया गया कवर एक जैसा खर्च नहीं हो सकता।
हेल्थ इंश्योरेंस का सबसे बड़ा फायदा यही है कि मेडिकल इमरजेंसी आने से पहले वित्तीय सुरक्षा तैयार रहती है। अस्पताल में भर्ती, इलाज और अन्य मेडिकल खर्च अचानक बड़ी रकम की जरूरत पैदा कर सकते हैं। लेकिन यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है, हर मेडिकल खर्च हर पॉलिसी में अपने आप कवर नहीं होता।
IRDAI खुद पॉलिसी खरीदते समय एक्सक्लूजन, रूम रेंट ICU लिमिट्स, को-पेमेंट, सब लिमिट्स और नेटवर्क अस्पतालों की सूची देखने की सलाह देता है।
हेल्थ इंश्योरेंस में कुछ बीमारियों और इलाज के लिए वेटिंग पीरियड हो सकता है। IRDAI के अनुसार हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में वेटिंग पीरियड और स्पेसिफिक वेटिंग पीरियड की अधिकतम अवधि 36 महीने तक हो सकती है। यानी आज पॉलिसी खरीदने का मतलब यह नहीं है कि अगले दिन हर बीमारी का पूरा खर्च बीमा कंपनी उठा लेगी।
यहीं कम उम्र में पॉलिसी शुरू करने का एक बड़ा व्यावहारिक फायदा सामने आता है। यदि कोई व्यक्ति लंबे समय तक लगातार कवरेज बनाए रखता है तो, जरूरी वेटिंग पीरियड्स समय के साथ पूरे हो सकते हैं। इसलिए बीमारी आने के बाद पॉलिसी खरीदने के बजाय पहले से कवरेज रखना ज्यादा उपयोगी हो सकता है।
आज कोई व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ है, इसका मतलब यह नहीं कि आने वाले वर्षों में भी स्वास्थ्य की स्थिति बिल्कुल वैसी ही रहेगी। इसलिए हेल्थ इंश्योरेंस को केवल मौजूदा बीमारी के खिलाफ सुरक्षा के तौर पर देखना सही नहीं है। यह भविष्य के मेडिकल खर्च के लिए वित्तीय सुरक्षा तैयार करने का माध्यम है।
हालांकि पॉलिसी खरीदते समय अपनी मौजूदा स्वास्थ्य समस्याओं और मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी छिपाना नहीं चाहिए। IRDAI के अनुसार प्री एक्सिस्टिंग हेल्थ इश्यूज की जानकारी छिपाने पर आगे चलकर क्लेम डिस्प्यूट हो सकता है और क्लेम रिजेक्ट होने का जोखिम भी रहता है।
किसी एक कंपनी से पॉलिसी लेने का मतलब यह नहीं है कि ग्राहक हमेशा उसी कंपनी के साथ बंधा रहेगा। IRDAI के नियमों के तहत हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसीहॉल्डर को पोर्टिबिलिटी की सुविधा मिलती है।
पोर्टेबिलिटी के जरिए एक इन्श्योरर से दूसरे इन्श्योरर के पास जाते समय प्री एक्जिस्टिंग डिजिजेज और स्पेसिफिक वेटिंग पीरियड्स से जुड़े अर्जित क्रेडिट्स को निर्धारित नियमों के अनुसार ट्रांसफर किया जा सकता है।
इसका मतलब है कि कम उम्र में शुरू की गई पॉलिसी को भविष्य में जरूरत के मुताबिक बदला जा सकता है, लेकिन पोर्ट करने से पहले नए इन्शोयरर की शर्तों और कवरेज को ध्यान से देखना जरूरी है।
हेल्थ इंश्योरेंस में लगातार कवरेज बनाए रखना केवल रिन्यूअल के लिए जरूरी नहीं है। IRDAI के मुताबिक 60 महीने की लगातार कवरेज पूरी होने के बाद पॉलिसी और क्लेम को सामान्य तौर पर नॉन डिस्क्लोजर या मिसप्रेजेन्टेशन के आधार पर कंटेस्ट नहीं किया जा सकता, हालांकि एस्टेबिलिश्ड फ्रॉड इसका अपवाद है। इसे मोरेटोरियम पीरियड कहा जाता है।
यानी कम उम्र में पॉलिसी शुरू करने और उसे लगातार बनाए रखने का फायदा केवल आज की सुरक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि लंबे समय में पॉलिसी कन्ट्यूनिटी भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम पर टैक्स लाभ मिल सकता है, लेकिन इसका लाभ व्यक्ति की टैक्स रिजीम और लागू आयकर नियमों पर निर्भर करता है। इसलिए केवल टैक्स बचाने के लिए पॉलिसी खरीदने के बजाय पहले इंशोयोरेंज कवरेज की जरूरत और पॉलिसी टर्म्स को प्राथमिकता देना बेहतर है।
कम प्रीमियम आकर्षक लग सकता है, लेकिन सस्ती पॉलिसी हमेशा बेहतर पॉलिसी नहीं होती। खरीदने से पहले कम से कम इन चीजों की जांच करें-
यह कहना सही नहीं होगा कि हेल्थ इंश्योरेंस केवल 30 साल से पहले ही खरीदना चाहिए। असल बात यह है कि जितनी जल्दी व्यक्ति अपनी जरूरत के मुताबिक पर्याप्त स्वास्थ्य कवर लेता है, उतनी जल्दी वह मेडिकल खर्च के वित्तीय जोखिम को अपने निवेश और बचत से अलग कर सकता है।
कम उम्र में अपेक्षाकृत कम प्रीमियम, वेटिंग पीरियड्स, को समय रहते पूरा करने का अवसर, लंबी पॉलिसी कंटीन्युटी और भविष्य में पोर्टिबिलिटी जैसे विकल्प इसे एक मजबूत फायनेंशियल प्लानिंग टूल बना सकते हैं। लेकिन सबसे जरूरी नियम यही है कि पॉलिसी की कीमत नहीं, उसकी शर्तें पढ़ें। कम प्रीमियम के पीछे कम कवरेज, ज्यादा एक्सक्लूजन्स या भारी को-पेमेंट छिपा हो सकता है। इसलिए 30 की उम्र से पहले इंश्योरेंस लेना फायदेमंद हो सकता है, लेकिन सही पॉलिसी चुनना उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है।
Updated on:
08 Aug 2026 06:37 pm
Published on:
08 Aug 2026 06:37 pm
