
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबारी सत्र में बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 308.49 अंक या 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,459.53 और निफ्टी 116.35 अंक या 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,053.10 पर बंद हुआ।
लार्जकैप के उलट मिडकैप और स्मॉलकैप में बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 540.40 अंक या 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,301.25 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 347.75 अंक या 1.85 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18,463.60 पर बंद हुआ।
बाजार को सहारा आईटी शेयरों से मिला, सूचकांकों में निफ्टी आईटी और निफ्टी हेल्थकेयर क्रमश: 2.32 प्रतिशत और 1.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स थे। निफ्टी फार्मा (1.55 प्रतिशत), निफ्टी सर्विसेज (1.17 प्रतिशत), निफ्टी कंजप्शन (0.29 प्रतिशत) और निफ्टी इन्फ्रा (0.07 प्रतिशत) की तेजी के साथ बंद हुए। वहीं, निफ्टी इंडिया डिफेंस (-2.01 प्रतिशत), निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (-1.78 प्रतिशत), निफ्टी मीडिया (-1.46 प्रतिशत), निफ्टी एनर्जी (-0.97 प्रतिशत), निफ्टी पीएसयू बैंक (-0.93 प्रतिशत), निफ्टी ऑटो (-0.87 प्रतिशत) की गिरावट के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, इंडिगो, इन्फोसिस, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, इटरनल, टेक महिंद्रा, एचयूएल टेक, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, सन फार्मा, आईटीसी, एशियन पेंट्स, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एचयूएल और टाइटन गेनर्स थे। एसबीआई, एमएंडएम, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, बीईएल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल और मारुति सुजुकी लूजर्स थे।
जानकारों का कहना है कि महंगाई को लेकर लगातार बनी चिंताओं के कारण इक्विटी बाजार दबाव में रहे, जबकि ईसीबी और बीओजे ने भी फेड की तरह ही ब्याज दरों को स्थिर रखा। वहीं, एआई वैल्यूएशन को लेकर फिर से पैदा हुई चिंताएं एशियाई बाजारों तक पहुंच गई हैं।
अमेरिका-ईरान तनाव की नई खबरों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में और तेजी आई, जिससे बाजार का सेंटिमेंट और कमजोर हो गया और मिड-कैप व स्मॉल-कैप शेयरों में बड़े पैमाने पर बिकवाली देखने को मिली। इसके अलावा, आईटी शेयरों के सहारे लार्ज-कैप शेयरों ने कुछ हद तक मजबूती बनाए रखी, जहां वैश्विक एआई शेयरों से पैसा निकालकर चुनिंदा खरीदारी हुई। इसके अलावा, अच्छे नतीजों और डिफेंसिव डिमांड के चलते फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर में तेजी रही।
Updated on:
30 Oct 2026, 4:50 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 4:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.