
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
भारतीय शेयर बाजार में इन दिनों जबरदस्त हलचल है। इस महीने यानी अक्टूबर 2026 में प्राइमरी मार्केट में आईपीओ (IPO) की बाढ़ आने वाली है। देश की दिग्गज कंपनियों सहित करीब एक दर्जन कंपनियां इस महीने अपना IPO लॉन्च करने की तैयारी में हैं। टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, रिन्यूएबल एनर्जी, डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग जैसे अलग-अलग सेक्टर्स की कंपनियां बाजार से मोटी रकम जुटाने जा रही हैं।
साल 2026 अब तक IPO मार्केट के लिए बेहद शानदार रहा है। इस साल अब तक 96 आईपीओ के जरिए कंपनियां 1.1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की पूंजी जुटा चुकी हैं। सिर्फ सितंबर के महीने में ही 35 कंपनियों ने बाजार में कदम रखा था और अब अक्टूबर का महीना पुराने कई रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार है।
इस महीने का सबसे बड़ा आकर्षण जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पब्लिक ऑफर 21 अक्टूबर को खुलेगा और 23 अक्टूबर को बंद होगा। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO साबित हो सकता है।
HD फायर प्रोटेक्ट: यह IPO मार्केट 13 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक खुला रहेगा। 712 करोड़ रुपये के इस IPO के लिए प्राइस बैंड 258-271 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। यह पूरी तरह से प्रमोटर्स द्वारा ऑफर फॉर सेल होगा।
फ्यूजन सीएक्स: AI-बेस्ड कस्टमर एक्सपीरियंस सर्विस देने वाली इस कंपनी का आईपीओ 14 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक खुला रहेगा। इसका प्राइस बैंड 275-289 रुपये है और कंपनी इसके जरिए 702 करोड़ रुपये जुटाएगी।
जेटवर्क मैन्युफैक्चरिंग: टेक-बेस्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म जेटवर्क का आईपीओ 15 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक खुला रहेगा। कंपनी करीब 5,000 करोड़ रुपये (कुल 5,012 करोड़ रुपये) जुटाने की योजना बना रही है। इसका प्राइस बैंड 143-151 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसमें 2,830 करोड़ रुपये के नए शेयर होंगे और बाकी ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा।
डिफेंस-टेक सेक्टर की कंपनी टोनबो इमेजिंग और मेडिकल डिवाइस बनाने वाली सहजानंद मेडिकल टेक्नोलॉजीज के आईपीओ भी 15 से 19 अक्टूबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे। सहजानंद मेडिकल का IPO 1.38 करोड़ शेयरों के ऑफर फॉर सेल पर आधारित होगा। इसके अलावा बोनफिग्लिओली ट्रांसमिशन भी 4.32 करोड़ शेयरों का ओएफएस लाने की तैयारी में है।
आने वाले दिनों में रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की बड़ी कंपनी अवाडा इलेक्ट्रो 7,600 करोड़ रुपये का भारी-भरकम आईपीओ लाने जा रही है। वहीं, हॉस्पिटल चेन पारस हेल्थकेयर 1,800 करोड़ रुपये और NDR इनविट ट्रस्ट 750 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं।
इसके अलावा गुजरात विक्ट्री फॉर्जिंग्स (1.97 करोड़ शेयर) और वॉटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशंस देने वाली एसएफसी एनवायरनमेंट टेक्नोलॉजीज (150 करोड़ रुपये का नया इश्यू) भी इसी महीने कतार में हैं। निवेशकों के लिए कमाई और बाजार के लिए ग्रोथ के लिहाज से यह अक्टूबर बेहद अहम होने वाला है।
(डिस्क्लेमर: खबर में दी गई जानकारी जागरुकता के लिए है। यह व्यक्तिगत निवेश की सलाह नहीं है। इसलिए निवेश से पहले एक्सपर्ट की राय अवश्य लें)
Updated on:
12 Oct 2026 07:07 pm
Published on:
12 Oct 2026 07:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
