
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
दिल्ली-NCR में रविवार रात से ही घने बादल छा गए थे। इसके बाद, आधी रात को करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान आकाशीय बिजली चमकने का दौर शुरू हुआ। दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून की विदाई के बाद सक्रिय हुए एक नए मौसम सिस्टम के कारण दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में यह भारी बारिश दर्ज की गई है। कल भी मौसम का ऐसा ही मिजाज रहेगा।
मौसम विभाग ने कल यानी 13 अक्टूबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार, कल देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना है। कल रात और सुबह कई इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। अब कल भी राजधानी में बारिश के आसार हैं।
बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में अचानक गिरावट आई है और सुबह-शाम हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है। कल अधिकतम तापमान 33 डिग्री से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि ह्यूमिडिटी 80 से 70 प्रतिशत रहेगी। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होगी। 15 अक्टूबर तक कहीं-कहीं आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश की संभावना है। खासतौर पर पश्चिमी यूपी के जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर तक कहीं-कहीं हल्की या छिटपुट बारिश जारी रहने की संभावना है। अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ और संभल में बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में कल मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 15–16 अक्टूबर के दौरान इन जिलों में बारिश के आसार हैं।
नए वेदर सिस्टम एक्टिव होने की वजह से राजस्थान के कई जिलों में बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश की गतिविधियां आगामी 3-4 दिन जारी रहने की प्रबल संभावना है। IMD के मुताबिक, 13-14 अक्टूबर को बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में एक बार फिर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु में मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान लगाया है। कल नीलगिरि, कोयंबटूर, इरोड, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, थूथुकुडी, तेनकासी, मदुरै, शिवगंगा, सलेम और तिरुप्पुर जिलों में बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के अन्य हिस्सों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में भी कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
Updated on:
12 Oct 2026 06:44 pm
Published on:
12 Oct 2026 06:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
