29 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मुंबई में दूध की कीमतों में उछाल ने बढ़ाई विक्रेताओं की टेंशन; क्या छोटे व्यापारी नुकसान में हैं?

मुंबई में दूध के दाम बढ़ गए हैं। अचानक दूध के दाम बढ़ने से छोटे दूध विक्रेताओं और आम आदमी की टेंशन बढ़ गई है। दूध की बढ़ी हुई कीमतें छोटे विक्रेताओं और आम जन पर कितना असर डालेंगी, आइए जानते हैं।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Vinay Shakya

Aug 29, 2026

milk prices increased

सांकेतिक इमेज

मुंबई में दूध के थोक भाव में हाल ही में हुई बढ़ोत्तरी ने छोटे दूध विक्रेताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुंबई में 1 सितंबर 2026 से दुग्ध उत्पादक संघ ने ताजा दूध का थोक भाव ₹93 से बढ़ाकर ₹102 प्रति लीटर कर दिया है, जो 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेगा। इस बढ़ोत्तरी का सीधा असर छोटे व्यापारियों की जेब पर पड़ने वाला है, क्योंकि थोक कीमत बढ़ने से उनकी खरीद लागत बढ़ेगी और खुदरा कीमतों में बढ़ोत्तरी की संभावना बढ़ जाएगी। दूध के दाम बढ़ने से आम लोगों पर भी खासा असर होगा।

उत्पादन लागत में वृद्धि

थोक भाव में ₹9 प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी एक साल के भीतर दूसरी बड़ी वृद्धि है। इस साल फरवरी में थोक भाव ₹91 से ₹93 हुआ था। दुग्ध उत्पादक संघ ने इस कदम को उत्पादन लागत में आए तेज इजाफे से जोड़ा है। पशु आहार जैसे- अनाज, तूरचुनी, चनाचुनी की कीमतों में लगभग 25% तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इसके साथ ही चारा, खली और डेयरी पशुओं की खरीद-रखरखाव लागत में भी वृद्धि हुई है।

छोटे विक्रेताओं के लिए चुनौतियां

छोटे दूध विक्रेताओं के लिए यह बढ़ोत्तरी कई तरह से चुनौतीपूर्ण है। सबसे पहले, थोक भाव बढ़ने से उनकी खरीद लागत बढ़ेगी, जिससे उन्हें खुदरा भाव बढ़ाना पड़ेगा। लेकिन बढ़ी कीमत पर ग्राहक मिलना मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा, दूध से बने उत्पाद जैसे- दही, पनीर, मिठाइयां और चाय की लागत भी बढ़ने की संभावना है, जिससे इन उत्पादों की बिक्री और मार्जिन पर असर पड़ेगा।

असंगठित विक्रेताओं की स्थिति

महत्वपूर्ण पहलू यह है कि छोटे विक्रेता अक्सर असंगठित होते हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं या समर्थन की जानकारी नहीं होती। इससे वे महंगाई के इस दौर में और भी कमजोर हो जाते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर गाय या भैंस अचानक बीमार हो जाए या मर जाए, तो उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिलता। फ्रिज जैसी जरूरी सुविधाएं महंगी होने के कारण वे खरीद नहीं पाते, जिससे दूध खराब होने का जोखिम बढ़ जाता है। बिचौलियों के कारण उन्हें दूध कम कीमत पर बेचने पर मजबूर होना पड़ता है, जिससे उन्हें और घाटा होता है।

त्योहारों का प्रभाव

बढ़ोत्तरी का असर सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं है। त्योहारों के मौसम में दूध और उससे बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। गणेशोत्सव, नवरात्रि, दिवाली जैसे त्योहारों के बीच यह बढ़ी कीमत आम परिवारों के बजट पर दबाव डाल सकती है। साथ ही, बेकरी, मिठाई की दुकानें और छोटे रेस्टोरेंट भी दूध की बढ़ी कीमतों से प्रभावित होंगे, क्योंकि उनका इनपुट कॉस्ट बढ़ जाएगा।

खुदरा कीमतों का निर्धारण

यह ध्यान रखना जरूरी है कि ₹102 प्रति लीटर केवल थोक भाव है। खुदरा कीमतें स्थानीय वितरण, विक्रेता के खर्च और मार्जिन के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं। ब्रांडेड पैकेट वाले दूध (जैसे- अमूल, मदर डेयरी आदि) पर यह थोक भाव सीधे लागू नहीं होता है। वे अपनी लागत और मार्केटिंग स्ट्रेटेजी के आधार पर खुदरा भाव तय करते हैं।

छोटे दूध विक्रेताओं के लिए सुझाव

  1. ग्रुप खरीद या सहयोग: आसपास के विक्रेताओं के साथ मिलकर थोक में खरीदारी करने से लागत में थोड़ी राहत मिल सकती है।
  2. सरकारी योजनाओं की जानकारी: स्थानीय कृषि या पशुपालन विभाग से संपर्क कर लोन, बीमा या फ्रिज सब्सिडी जैसी योजनाओं की जानकारी लेना फायदेमंद हो सकता है।
  3. प्रत्यक्ष बाजार से जुड़ाव: बिचौलियों को कम करके सीधे उपभोक्ताओं या डेयरी संघों से जुड़ने से मार्जिन बेहतर हो सकता है।
  4. कीमत में पारदर्शिता: ग्राहकों को थोक भाव और खुदरा भाव में अंतर समझा कर विश्वास बनाए रखना लाभदायक हो सकता है।