
सांकेतिक इमेज (सोर्स- Chatgpt)
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने तुर्कमेनिस्तान में अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान रूस ने ईरान को युद्ध की स्थिति के समाधान में मदद का भरोसा जताया। यह मुलाकात स्वतंत्र राष्ट्रों के राष्ट्रमंडल (CIS) शिखर सम्मेलन और कैस्पियन सागर पर्यावरण शिखर सम्मेलन के दौरान हुई।
रूसी विदेश मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पेजेश्कियन से कहा- हम जानते हैं कि ईरान उस संघर्ष को समाप्त करने के लिए ठोस प्रयास कर रहा है, जो इस क्षेत्र में उसकी किसी गलती के बिना शुरू हुआ था। रूस इस स्थिति के समाधान में आपकी मदद करने के लिए तैयार है।
पुतिन ने कहा कि आज हमारे पास अपने रिश्तों के विकास, क्षेत्र की स्थिति और वहां चल रही प्रक्रियाओं पर चर्चा करने का अवसर है। जहां तक द्विपक्षीय संबंधों की बात है, मैं यह कहना चाहूंगा कि पिछले साल की शुरुआत में हस्ताक्षरित हमारी बुनियादी संधि के आधार पर हमारे संबंध सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आर्थिक क्षेत्र में भी अच्छी प्रगति हुई है।
व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 21 प्रतिशत से अधिक बढ़ा और इस साल के पहले सात महीनों में भी यह रुझान जारी रहा है। पुलिस ने कहा कि मुझे लगता है कि मानवीय सहयोग के क्षेत्र में भी हमारा काम एक अच्छा उदाहरण पेश करता है। रूस और ईरान दोनों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हमारे रिश्ते और मजबूत हो रहे हैं। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि ईरान के सर्वोच्च नेता को मेरी ओर से अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की शुभकामनाएं पहुंचाएं।
पुतिन ने कहा कि बेशक, आज सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा क्षेत्र की मौजूदा स्थिति है। हम जानते हैं कि ईरान उस संघर्ष को समाप्त करने के लिए ठोस प्रयास कर रहा है, जो उसकी किसी गलती के बिना इस क्षेत्र में शुरू हुआ था। ईरान ने एक बार फिर इस स्थिति का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए नए प्रस्ताव पेश किए हैं। हमारी ओर से हम इस स्थिति के समाधान में आपकी मदद के लिए हर संभव प्रयास करने को तैयार हैं।
इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पुतिन और पेजेश्कियन की बैठक में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। साथ ही ऊर्जा, कृषि, परिवहन और व्यापार जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की।
बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने संयुक्त परियोजनाओं को जल्द अंतिम रूप देने और उन्हें पूरा करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने दोनों देशों के राष्ट्रीय हितों और क्षेत्रीय स्थिरता को ध्यान में रखते हुए व्यापक सहयोग को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन सीआईएस शिखर सम्मेलन और कैस्पियन सागर पर्यावरण शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने और संबोधन देने के लिए तुर्कमेनिस्तान पहुंचे हैं।
Updated on:
09 Oct 2026 02:08 pm
Published on:
09 Oct 2026 02:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
