
शहर समेत जिले में शारदीय नवरात्र पर्व पर गरबा की रंगत जारी है। विद्युत रोशनी में नहाए पांडालों में बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रमों में पहुंचे। महोत्सव के पांचवें दिन सांध्यकालीन आरती के बाद शहर के मुख्य आयोजन स्थलों में युवक-युवतियों, महिलाओं व बच्चों के कदम थिरक उठे।

गरबा में गुजराती व राजस्थानी फिल्मी धुनों पर भजनों और गानों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धा से सराबोर भक्तों ने उपवास व व्रत रखकर मंदिरों व शक्तिपीठों पर अनुष्ठान व हवन कराया।

अशोक नगर में महिला मंडल का तीन दिवसीय गरबा सोमवार को अशोक पार्क में शुरू किया। नारी शक्ति मंच की महानगर संयोजिका निशा जैन ने बताया कि महिलाएं विभिन्न वेशभूषाओं में सजकर डांडिया में बढ़-चढ़कर भाग ले रही है। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कार दिया।

तिलक नगर, आदर्श नगर व सांगानेर कॉलोनी क्षेत्रीय माहेश्वरी सभा का तीन दिवसीय गरबा सोमवार को संपन्न हुआ। अध्यक्ष नवीन झंवर ने बताया कि पैकमली गरबा डांडिया रास के अंतिम दिन कपल डांस व गरबा में रामकिशोर सोमाणी प्रथम रही।

सुवालका युवा सेवा समिति का तीन दिवसीय गरबा आजाद नगर की मुरली वाटिका में किया जा रहा है। कैलाश हलेड़ ने बताया कि पांडाल में कपल राउंड गुजराती गानों पर किया गया। प्रथम प्रतिभागी को प्रशस्ति पत्र दिए। पंचमुखी दरबार नवयुवक मंडल का पुरानी धान मंडी चौक में गरबा जारी रहा है।