कोटा. रोटरी क्लब कोटा की ओर से दीपपर्व स्नेह संगम महादिवाली उत्सव 2024 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राम के जीवन की गाथा साकार हो उठी। अयोध्या थीम पर आधारित कार्यक्रम में उत्सव स्थल को अयोध्या नगरी के रूप की भव्यता प्रदान की गई। रामायण प्रसंगों का चित्रण दीवारों पर उकेरा गया। दीपावली की मूल भावना को साकार करते हुए कार्यक्रम में भगवान राम एवं माता सीता व भाई लक्ष्मण के साथ 14 वर्षो के वनवास पूरा कर लौटने से लेकर राजतिलक तक के संपूर्ण नाटकीय रूपांतर प्रस्तुत किए गए। हर एक दृश्य को बेहतरीन संवाद एवं अभिनय से सजाया गया था। रथ पर सवार होकर जब प्रभु श्रीराम का आगमन हुआ एवं राजतिलक के समय आतिशबाजी भी की गई। रामायण पर आधारित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम भी हुआ। इसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। क्लब अध्यक्ष मुकेश व्यास ने सभी आगंतुकों का अभिनन्दन किया। इसके अलावा रामायण थीम पर वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन भी किया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि क्लब की तरफ से सदस्यों को उनका चित्र भी सप्रेम भेंट किया गया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष जयंत उपाध्याय के निर्देशन में राम दरबार की महाआरती की गई। क्लब सचिव घनश्याम मूंदड़ा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।