
लोकसभा चुनाव में हार के बाद AAP का बड़ा ऐलान, दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से नहीं होगा गठबंधन
नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव ( Loksabha Election ) के परिणाम घोषित हो चुके हैं। बीजेपी नीत NDA ने इस चुनाव में प्रचंड जीत हासिल की है। वहीं, विपक्षी पार्टियों का सूपड़ा साफ हो गया है। इधर, हार से बौखलाए आम आदमी पार्टी ( AAP ) ने बड़ा ऐलान किया है। AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि अब दिल्ली विधानसभा चुनाव कांग्रेस पार्टी से गठबंधन नहीं होगा।
AAP ने कांग्रेस से काटा किनारा
एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन हो भी जाता तो उसका कोई लाभ नहीं होता। उन्होंने कहा कि इस हार में संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी है। हम देख रहे हैं कहां कमी रही है। जहां कमी मिलेगी संगठन में बदलाव किया जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या आम आदमी पार्टी आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन करेगी? इस पर उन्होंने साफ कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब आदमी पार्टी कांग्रेस से गठबंधन नहीं करेगी।
जनता के पास केजरीवाल के अलावा कोई विकल्प नहीं- गोपाल राय
गोपाल राय से जब पूछा गया कि कांग्रेस का दावा है कि लोकसभा चुनाव में आप के मतदाता को कांग्रेस अपने पाले में लाने में सफल रही, ऐसे में AAP के लिए विधानसभा में किसी तरह की चुनौती बढ़गी? इस पर उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आप के लिए कांग्रेस से कोई चुनौती नहीं बढ़ी है। विधानसभा का चुनाव दिल्ली के विकास के नाम पर होगा। जनता के पास अरविंद केजरीवाल का कोई विकल्प नहीं है। कांग्रेस से हमारा किसी तरह का नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा अब हम न तो कांग्रेस के साथ गठबंधन करेंगे और न ही इस बारे में सोचेंगे। गौरतलब है कि दिल्ली में सातों सीटों पर आप की हार हुई है और पार्टी तीसरे नंबर पर रही। केवल पंजाब में एक सीट पर आप का उम्मीदवार जीता है।
Published on:
25 May 2019 01:18 pm
