
कोलकाता: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को कोलकाता में एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। अमित शाह ने कहा रैली की भीड़ इस बात का संकेत है कि पश्चिम बंगाल से ममता बनर्जी का शासन खत्म होने जा रहा है। पहले पश्चिम बंगाल में संगीत की धुन सुनाई देती थी और अब बम की आवाज सुनाई दे रही है। राज्य की जनता पूरी तरह से त्रस्त है। सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। शाह ने कहा कि राज्य में दुर्गा पूजा के दौरान दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन बंद कर दिया गया, स्कूलों में सरस्वती पूजा रोक दी गई। अगर बीजेपी की सरकार आई तो हर हाल में इन्हें किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि अगर अगली बार दुर्गापूजा को रोका गया तो भाजपा के कार्यकर्ता ममता बनर्जी के सचिवालय की ईंट से ईंट बजा देंगे।
भाजपा बंगाल विरोधी नहीं, ममता विरोधी
अमित शाह ने आगे कहा कि पहले इस रैली को रोकने की कोशिश की और अब पश्चिम बंगाल के सारे स्थानीय चैनलों को डाउन कर दिया गया है ताकि लोग इस रैली का प्रसारण न देख सकें। उन्होंने कहा कि बीजेपी पश्चिम बंगाल की विरोधी कैसे हो सकती है। हमारी पार्टी के संस्थापक श्यामा प्रसाजद मुखर्जी बंगाल से ही थे बीजेपी बंगाल विरोधी नहीं, ममता विरोधी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद पीएम मोदी राज्य में विकास की गंगा बहा देंगे।