
नई दिल्ली। मोदी सरकार में वित्त मंत्री रहे भाजपा के दिग्गज नेता अरुण जेटली ने दोबारा मंत्रिमंडल ने चुने जाने को लेकर पीएम मोदी से अपील की है। अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने आग्रह किया है उन्हें दोबार मंत्रिमंडल में कोई जिम्मेदारी न दी जाए। दरअसल अरुण जेटली ने अपने सेहत का हवाला देते हुए ये अपील की है। जेटली पिछले 18 महीने से अपनी सेहत से जूझ रहे हैं।
जेटली ने अपने पत्र में ये लिखा
अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जो खत लिखा उसमें उन्होंने साफ तौर पर कहा कि वे काफी समय से बीमार चल रहे हैं। ऐसे में उन्हें कोई पद या जिम्मेदारी न दी जाए। उन्होंने लिखा...''मेरी सेहत पिछले कुछ समय से खराब है और डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी है। मैं यह खत विनती करते हुए लिख रहा हूं कि मैं अपने स्वास्थ्य और अपने लिए वक्त चाहता हूं। इसलिए मैं किसी भी तरह की जिम्मेदारी वर्तमान और नई सरकार में नहीं संभाल सकता हूं।''
जेटली ने ये भी लिखा कि '' यह मेरे लिए सम्मान की बात रही कि मैं पिछले पांच साल उस सरकार का हिस्सा रहा, जिसका नेतृत्व आप कर रहे थे। एनडीए के कार्यकाल में भी मुझे कई जिम्मेदारियां दी गई थीं। सत्ता पक्ष और विपक्ष
दोनों में रहते हुए मुझे जिम्मेदारियां मिलीं।
आपको बता दें कि पिछले दिनों अचानक अरुण जेटली की तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी। कई बार तो ऐसी खबरें आईं कि उनकी सेहत में बिल्कुल सुधार नहीं हो रहा है। कुछ ऐसी अफवाहें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई जिसमें उनके निधन की बात सामने आने लगी। हालांकि सरकार की ओर से इसका खंडन भी किया गया और बताया गया कि अरुण जेटली स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं और उनके सेहत से जुड़ी खबरें निराधार हैं।
बताते चलें कि अरुण जेटली कैंसर की बीमारी से जूझ रहे हैं। उनके बाएं पैर में सॉफ्ट टिशू का कैंसर है। इसके इलाज के लिए वे अमरीका भी जा चुके हैं। इससे पहले वे अपनी किडनी भी ट्रांसप्लांट करवा चुके हैं।
Updated on:
29 May 2019, 6:26 PM IST
Published on:
29 May 2019, 1:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.