
केजरीवाल को एक ओर झटका, आशुतोष के बाद अब खेतान ने किया आप छोड़ने का ऐलान
नई दिल्ली। दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के नेता अरंविद केजरीवाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पिछले दिनों पार्टी छोड़ने का ऐलान कर चुके पूर्व पत्रकार आशुतोष के बाद अब आप के बड़े नेता आशीष खेतान ने भी केजरीवाल को झटका दे दिया है। आशीष खेतान ने आप से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। आप नेता खेतान ने पार्टी छोड़ने का ऐलान करने के बाद ट्वीट कर कहा है कि अभी उनका पूरा ध्यान उनकी लॉ प्रैक्टिस पर है, इसलिए वह एक्टिव पॉलिटिक्स से दूर जा रहे हैं।
बात न मनती देख पार्टी से इस्तीफा
आपको बता दें कि आशीष खेतान इससे पहले दिल्ली डायलॉग कमिशन के वीसी पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इस दौरान खेतान ने लॉ प्रैक्टिस के लिए समय निकालने की बात कही थी। पार्टी सूत्रों की मानें तो खेतान 2019 में नई दिल्ली लोकसभा सीट से दोबारा चुनाव लड़ना चाहते थे, जबकि पार्टी उनकी जगह किसी नए चेहरे को मैदान में उतारना चाहती थी। यही कारण है कि अपनी बात न मनती देख उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। हालांकि खेतान से जुड़े लोग इस कदम के पीछे लॉ प्रैक्टिस के लिए उनके विदेश जाने की बात कह रहे हैं। हालांकि सीएम केजरीवाल चाहते हैं कि वह इस काम के लिए छुट्टी ले लें और प्रैक्टिस के बाद फिर से पार्टी के काम में जुट जाएं।
आपको बता दें कि इससे पहले आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेता माने जाने वाले आशुतोष ने आप को अलविदा कह दिया था। आशुतोष पत्रकारिता छोड़ राजनीति में आए थे और आप से इस्तीफा देने के बाद उनके फिर से पत्रकारिता में आने की अटकलें तेज हो गई हैं। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कुछ महीने पहले ही पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया, लेकिन केजरीवाल ने अभी तक इसे मंजूर करने से मना किया था।
Updated on:
22 Aug 2018, 8:45 AM IST
Published on:
22 Aug 2018, 8:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.