
नई दिल्ली। पिछले कुछ महीनों से आम आदमी पार्टी से खफा चल रहे संस्थापक सदस्य कुमार विश्वास को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुमार को बीजेपी राज्यसभा भेजने की तैयारी में है। इसका खुलासा खुद एक बीजेपी नेता ने किया है। बताया जा रहा है कि मिशन 2019 को लेकर भी उन्हें बीजेपी में बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
साहित्य के क्षेत्र योगदान के लिए भेजे जाएंगे राज्यसभा!
एशियन एज की रिपोर्ट के मुताबिक कुमार विश्वास को बीजेपी साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए राज्यसभा के लिए मनोनित करेगी। सूत्रों के मुताबिक अगर सब कुछ ठीक रहा तो जुलाई महीने में कुमार को राज्यसभा भेजने के लिए बीजेपी राष्ट्रपति के पास प्रस्ताव भेजेगी। फिलहाल पार्टी के अंदर कवि कुमार विश्वास को लेकर गहन चर्चा हो रही है।
विश्वास पर बीजेपी में शामिल होने का नहीं होगा दबाव
खबर है कि विश्वास को राज्यसभा भेजने के बाद भी बीजेपी उनपर पार्टी में शामिल होने का दबाव नहीं डालेगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर कुमार विश्वास बीजेपी के सीट से राज्यसभा जाते हैं तो इसमें बीजेपी को बड़ी जीत मानी जाएगी। लोकसभा चुनाव 2019 में उन्हें बीजेपी और भी बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। विश्वास हिंदी के बड़े कवियों में गिने जाते हैं। हिंदी भाषी क्षेत्र में उनकी ख्याति का लाभ बीजेपी को मिलना तय है।
राज्यसभा नहीं भेजे जाने से आप से खफा हैं कुमार विश्वास
बता दें कि जनवरी में ही आम आदमी पार्टी में कुमार विश्वास को लेकर जबरदस्त कलह मची थी। राजनीतिक पंडितों और खुद कुमार को उम्मीद थी कि उन्हें आप के टिकट से राज्यसभा भेजा जाएगा लेकिन ऐन मौके पर आप ने संजय सिंह, व्यापारी सुशील गुप्ता व चार्टर्ड अकांउटेंट एन.डी.गुप्ता को दिल्ली की तीन राज्यसभा सीटों के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर सबको हौरान कर दिया था। इसके बाद कुमार विश्वास ने खुलकर इसका विरोध किया और कहा कि उन्हें सच बोलने की सजा दी गई है। विश्वास ने स्पष्ट रूप से खुद को नामित नहीं किए जाने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया। विश्वास ने कहा कि केजरीवाल की सहमति के बगैर पार्टी में कुछ नहीं होता। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि केजरीवाल के खिलाफ बोलकर पार्टी में किसी का बने रहना असंभव है।
Published on:
8 May 2018, 3:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.