
नई दिल्ली। नागरिक संशोधन विधेयक भले ही दोनों सदनों से पास हो गया हो, लेकिन इस पर सियासी घमासान उसके बाद भी जारी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर ट्वीटकर मोदी सरकार पर निशाना साधा था। अब केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है।
राहुल गांधी को जवाब देते हुए किरण रिजिजू ने लिखा है कि राहुल गांधी जी, कांग्रेस पार्टी ने कानून को तोड़ते हुए सभी शरणार्थियों को असम के संरक्षित इलाकों में बसाया था। अवैध घुसपैठियों को कांग्रेस की पॉलिसी की वजह से नॉर्थ ईस्ट में जगह मिली। आपके ब्लंडर को सही किया जा रहा है। अब संरक्षित स्थान पर शरणार्थी नागरिक नहीं बस सकते हैं।
सांसद राहुल गांधी ने क्या लिखा था
राहुल गांधी ने लिखा था कि नागरिकता बिल से मोदी-शाह की सरकार ने पूर्वोत्तर की पहचान को मिटाने का प्रयास किया है। यह पूर्वोत्तर के लोगों के जीवन जीने के तरीके और भारत के विचार पर एक आपराधिक हमला है। मैं पूर्वोत्तर के लोगों और उनकी सेवा के लिए तत्पर हूं।
बिल का कांग्रेस ने किया विरोध
बता दें कि बुधवार को एक तीखी बहस के बाद राज्यसभा में नागरिकता संशोधन बिल पास हो गया था। बिल के समर्थन में 125 और विरोध में 99 वोट पड़े थे। कांग्रेस की ओर से सदन में गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, पी चिदंबरम ने तर्कों को रखा और कहा कि ये बिल संविधान के खिलाफ है। कांग्रेस ने बताया कि यह बिल आर्टिकल 14 का उल्लंघन करता है।
कांग्रेस के इस आरोप के जवाब में अमित शाह ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी धर्म के आधार पर देश का बंटवारा नहीं करती तो इस बिल की जरूरत नहीं पड़ती।
Updated on:
12 Dec 2019 01:40 pm
Published on:
12 Dec 2019 12:23 pm
